
वाराणसी। लहरतारा चौकी पुलिस ने मानवीय पहल करते हुए रास्ता भटककर वाराणसी में घूम रहे 76 वर्षीय पूर्व सैनिक को सकुशल उनके परिजनों से मिला दिया। पुलिस की तत्परता और CPlan ऐप की मदद से बुजुर्ग के परिवार से संपर्क कर उन्हें सुरक्षित सुपुर्द किया गया।
जानकारी के अनुसार, रामकरण गोंड पुत्र स्वर्गीय सुमेर गोंड, उम्र 76 वर्ष, निवासी ग्राम कटरिया, थाना करंडा, जनपद गाजीपुर, सेना से सेवानिवृत्त हैं। स्वास्थ्य एवं मानसिक स्थिति ठीक न होने के कारण वह अपने गांव से भटककर लगातार वाराणसी क्षेत्र में घूम रहे थे।
इसी दौरान लहरतारा चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक प्रवीण कुमार सचान, उपनिरीक्षक विवेक, हेड कांस्टेबल मिथलेश शाह और फैंटम पुलिस टीम बौलिया तिराहे पर ऑटो-टोटो चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी बीच बुजुर्ग संदिग्ध और परेशान हालत में दिखाई दिए। चौकी प्रभारी ने उनसे पूछताछ की, लेकिन वह कुछ स्पष्ट बता नहीं पा रहे थे।
पुलिस ने उनके बैग की तलाशी ली तो उसमें आधार कार्ड मिला। इसके आधार पर CPlan ऐप के माध्यम से परिजनों से संपर्क किया गया और उन्हें वाराणसी बुलाया गया। बुजुर्ग को चौकी लाकर नाश्ता कराया गया तथा देखभाल की गई।
कुछ घंटे बाद पहुंचे उनके दामाद अनिल कुमार पुत्र प्रेम नारायण, निवासी सोनौली, जनपद चंदौली को रामकरण गोंड सकुशल सुपुर्द कर दिया गया।
वहीं, ऑटो-टोटो चेकिंग अभियान के दौरान नियमों का उल्लंघन करने वाले तीन ऑटो को सीज भी किया गया। पुलिस की इस कार्रवाई से एक ओर बुजुर्ग को परिवार से मिलाया गया, वहीं दूसरी ओर यातायात नियमों के पालन को लेकर भी अभियान जारी रहा।
