आदमपुर के भारद्वाज टोला में दस दिनों से खुदी पड़ी है गली, स्थानीय लोगों का आरोप शिकायत के बावजूद नहीं हुई मरम्मत
वाराणसी। आदमपुर थाना क्षेत्र के भारद्वाज टोला में सड़क की बदहाल स्थिति लोगों के लिए मुसीबत बन गई है। पेयजल पाइपलाइन की मरम्मत के लिए करीब दस दिन पहले खोदी गई गली में चौके ठीक से नहीं बिछाए जाने के कारण अब तक आधा दर्जन से अधिक लोग गिरकर घायल हो चुके हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि बार-बार शिकायत के बावजूद नगर निगम और संबंधित अधिकारियों की ओर से गली की मरम्मत नहीं कराई जा रही है।
शुक्रवार की रात पियरी निवासी संतोष कुमार अपने रिश्तेदार के यहां आए थे। वहां से घर लौटते समय उनकी बाइक गली में बिछे उखड़े चौके पर पड़ गई। इससे बाइक अनियंत्रित होकर दूर जा गिरी। हादसे में संतोष कुमार, उनकी पत्नी, बेटी और बेटा घायल हो गए। सभी के हाथ-पैर और सिर में चोटें आईं। क्षेत्रीय लोगों की मदद से घायलों को निजी अस्पताल ले जाकर उपचार कराया गया।
दस दिनों से शिकायत, फिर भी नहीं हुई मरम्मत
मुहल्ले के निवासी अनिकेत गुप्ता, अजय और पवन शर्मा का कहना है कि करीब दस दिन पहले पेयजल पाइपलाइन फटने के बाद मरम्मत के लिए जल निगम के कर्मचारी गली खोदकर चले गए। काम पूरा होने के बाद चौकों को ठीक ढंग से नहीं बिछाया गया, जिससे रास्ता दुर्घटना का कारण बन गया है।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, वे पिछले दस दिनों से नगर निगम के इंस्पेक्टर और क्षेत्रीय पार्षद से लगातार शिकायत कर रहे हैं। आरोप है कि उन्हें जवाब दिया जा रहा है कि सभी लोग प्रधानमंत्री के कार्यक्रम की तैयारियों में व्यस्त हैं और कार्यक्रम के बाद ही गली की मरम्मत कराई जा सकेगी।
गली की बदहाली से नाराज क्षेत्रीय लोगों ने जल्द से जल्द मरम्मत कराने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि समय रहते चौकों को ठीक नहीं कराया गया, तो कोई बड़ा हादसा भी हो सकता है। अब देखना यह है कि संबंधित विभाग लोगों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए कब तक गली की मरम्मत कराता है।
