स्कूल से घर नहीं पहुंची छात्रा, मंडुवाडीह पुलिस ने 3 घंटे में राजातालाब से सकुशल खोज निकाला

मोबाइल की सीडीआर और लोकेशन बनी मददगार, पुलिस ने छात्रा को बरामद कर पिता को सौंपा

वाराणसी। वाराणसी के मंडुवाडीह थाना क्षेत्र में स्कूल से छुट्टी होने के बाद घर नहीं पहुंची छात्रा को पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए महज तीन घंटे के भीतर सकुशल बरामद कर लिया। छात्रा के अचानक लापता होने से परेशान परिजनों की सूचना पर पुलिस ने मोबाइल की सीडीआर और लोकेशन के आधार पर तलाश शुरू की। आखिरकार छात्रा को राजातालाब क्षेत्र से खोज निकाला गया।

मिली जानकारी के अनुसार, हेडगवार कॉलोनी, थाना मंडुवाडीह निवासी फाजिल अहमद पुत्र स्वर्गीय इश्तियाक अहमद ने 23 अक्टूबर 2026 को शाम करीब छह बजे पुलिस को तहरीर देकर बताया कि उनकी बेटी महेवीश सीदगी संजय मेमोरियल स्कूल, केराकतपुर में पढ़ती है। स्कूल में छुट्टी का समय दोपहर 2:30 बजे था, लेकिन छात्रा निर्धारित समय पर घर नहीं पहुंची। काफी देर तक घर न लौटने पर परिजन चिंतित हो गए और पुलिस से मदद मांगी।

मामले को गंभीरता से लेते हुए थाना मंडुवाडीह में गुमशुदगी संख्या 077/2026 दर्ज की गई। इसके बाद पुलिस ने छात्रा के मोबाइल नंबर की कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर) और लोकेशन की जांच की। जांच में मोबाइल की वर्तमान लोकेशन राजातालाब क्षेत्र में मिली।

लोकेशन के आधार पर उपनिरीक्षक अपनी टीम के साथ तत्काल मौके के लिए रवाना हुए। पुलिस टीम में कांस्टेबल बुद्धिप्रिय गौतम भी शामिल रहे। टीम ने सक्रियता दिखाते हुए करीब तीन घंटे के भीतर छात्रा को सकुशल बरामद कर लिया।

इसके बाद छात्रा को उसके पिता फाजिल अहमद के सुपुर्द कर दिया गया। समय रहते छात्रा की बरामदगी से परिजनों ने राहत की सांस ली। इस कार्रवाई में मोबाइल लोकेशन की मदद और पुलिस की त्वरित सक्रियता अहम साबित हुई।

TOP

You cannot copy content of this page