आदमपुर में शराब गोदाम में चोरी, छत की पटिया उखाड़कर शराब और बियर ले उड़े चोर

गोलगड्डा स्थित गोदाम को बनाया निशाना, हजारों रुपये की शराब चोरी; पुलिस जांच में जुटी

वाराणसी। आदमपुर थाना क्षेत्र के गोलगड्डा स्थित कंपोजिट शराब और बियर के गोदाम में चोरों ने छत की पटिया उखाड़कर हजारों रुपये मूल्य की शराब और बियर चोरी कर ली। घटना की जानकारी सुबह उस समय हुई, जब सेल्समैन गोदाम से शराब लेने पहुंचा।

गोदाम के लाइसेंसधारी ओमप्रकाश जायसवाल के मुताबिक, बीती रात कर्मचारी निर्धारित समय पर दुकान और गोदाम बंद कर अपने घर चले गए थे। सुबह सेल्समैन ने रोज की तरह दुकान खोली और बिक्री शुरू कर दी। इसी दौरान अंग्रेजी शराब का एक ब्रांड खत्म होने पर वह गोदाम से शराब लेने पहुंचा।

गोदाम का दरवाजा खोलते ही उसकी नजर छत पर पड़ी, जहां पटिया उखड़ी हुई थी। यह देखकर वह हैरान रह गया। जांच करने पर पता चला कि गोदाम से हजारों रुपये मूल्य की शराब की बोतलें और बियर के कैन गायब हैं। सेल्समैन ने तत्काल इसकी सूचना दुकान मालिक को दी।

सूचना मिलते ही ओमप्रकाश जायसवाल मौके पर पहुंचे और गोदाम का निरीक्षण किया। इसके बाद उन्होंने घटना की जानकारी आदमपुर पुलिस को मौखिक और लिखित रूप से दी।

छत की पटिया उखाड़कर चोरी की इस घटना के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

TOP

You cannot copy content of this page