
वाराणसी(काशीवार्ता)। वाराणसी खंड शिक्षक एवं स्नातक विधान परिषद सदस्य (एमएलसी) निर्वाचन के लिए शुक्रवार सुबह 8 बजे से मतदान शुरू हो गया। मतदान शाम 4 बजे तक चलेगा। चुनाव को लेकर विभिन्न मतदान केंद्रों पर व्यवस्थाएं की गई हैं।
इस चुनाव में वाराणसी समेत सोनभद्र, बलिया, गाजीपुर, जौनपुर, भदोही, मीरजापुर और चंदौली के मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। आठ जिलों में स्नातक और शिक्षक वर्ग के कुल 3,23,447 मतदाता पंजीकृत हैं। इनमें स्नातक निर्वाचन के 2,88,548 और शिक्षक निर्वाचन के 34,899 मतदाता शामिल हैं।
स्नातक निर्वाचन के लिए 327 और शिक्षक निर्वाचन के लिए 123 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। मतदान प्रक्रिया को सुचारू रूप से संपन्न कराने के लिए संबंधित केंद्रों पर व्यवस्थाएं की गई हैं।
मंडुवाडीह क्षेत्र में तीन केंद्रों पर मतदान
वाराणसी के मंडुवाडीह थाना क्षेत्र में तीन स्थानों पर मतदान कराया जा रहा है। इनमें आदर्श विद्यालय ककरमत्ता, प्राथमिक विद्यालय लहरतारा और ब्लॉक मुख्यालय शिवदासपुर शामिल हैं। सुबह से ही इन केंद्रों पर मतदान प्रक्रिया जारी है।
मतदान केंद्रों पर मंडुवाडीह पुलिस के साथ अन्य पुलिस बल भी तैनात है। पुलिसकर्मी सुरक्षा व्यवस्था पर नजर बनाए हुए हैं, ताकि मतदान शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से संपन्न हो सके।
