रिजर्व पुलिस लाइन में श्रद्धांजलि समारोह, मंत्रियों-महापौर और आला अफसरों ने पुष्पचक्र अर्पित किया
वाराणसी-(काशीवार्ता)-पुलिस स्मृति दिवस के अवसर पर आज रिजर्व पुलिस लाइन, कमिश्नरेट वाराणसी में श्रद्धांजलि समारोह का आयोजन किया गया। पुलिस आयुक्त कमिश्नरेट वाराणसी श्री मोहित अग्रवाल ने कर्तव्य की वेदी पर प्राणों की आहुति देने वाले अमर वीर शहीदों को याद करते हुए श्रद्धा-सुमन अर्पित किए।इस दौरान पुलिस आयुक्त ने कहा कि पुलिस बल की गौरवशाली परंपरा त्याग, अनुशासन और कर्तव्यनिष्ठा से ओत-प्रोत रही है। जनसेवा के उच्च आदर्शों को आत्मसात करते हुए कर्तव्य पथ पर प्राणों की आहुति देने वाले शहीद पुलिसकर्मी सदा अमर रहेंगे। समारोह में राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार श्री दयाशंकर मिश्रा ‘दयालु’, राज्य मंत्री सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम श्री हंसराज विश्वकर्मा, महापौर अशोक कुमार तिवारी, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती पूनम मौर्या, एडीजी वाराणसी जोन पीयूष मोर्डिया, एडीजी नवीन अरोरा, आईजी वैभव कृष्णा, अपर पुलिस आयुक्त शिवहरी मीणा, अपर पुलिस आयुक्त अपराध राठौड़ किरीट कुमार हरिभाई सहित वरिष्ठ अधिकारियों ने शहीद स्मारक पर पुष्पचक्र अर्पित किया। सभी ने दो मिनट का मौन रखकर शहीदों को नमन किया। 1959 की घटना की याद में मनाया जाता है यह दिवस 21 अक्टूबर 1959 को लद्दाख के हॉट स्प्रिंग में चीनी सैनिकों के हमले में सीआरपीएफ के 10 जवान शहीद हुए थे, उसी की स्मृति में हर साल 21 अक्टूबर को पुलिस स्मृति दिवस मनाया जाता है।
