वाराणसी। बनारस स्टेशन के उत्तरी छोर पर शुक्रवार शाम सुफोल स्पेशल ट्रेन (04072) से गिरकर घायल हुए यात्री की उपचार के दौरान मौत हो गई। घटना 23 अक्टूबर की है। रेलवे कर्मचारियों ने यात्रियों की मदद से घायल को कबीरचौरा मंडलीय अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
जानकारी के अनुसार, किलोमीटर संख्या 208/31-32 के बीच यात्री ट्रेन से नीचे गिर गया था। ड्यूटी पर तैनात हेड कांस्टेबल सत्येंद्र नाथ तिवारी ने शाम चार बजे स्टेशन मास्टर को सूचना दी। बाद में आरपीएफ कांस्टेबल अवध बिहारी और जीआरपी कर्मी संदीप की मौजूदगी में घायल को अस्पताल पहुंचाया गया। शाम 5:15 बजे चिकित्सक ने मृत्यु प्रमाण पत्र जारी किया।
आधार कार्ड से मृतक की पहचान सादिक अब्दुल्ला, निवासी दरभंगा, बिहार के रूप में हुई। उसके भाई को सूचना दे दी गई है। मृतक के पास यात्रा टिकट नहीं मिला। मामले की जांच एसआईपीएफ जेपी यादव करेंगे। घटना से रेल परिचालन प्रभावित नहीं हुआ।
