
साइबर सेल और सारनाथ पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 19 शिकायतों से खुला करोड़ों की धोखाधड़ी का राज; सात बैंक खाते सीज
वाराणसी। ऑनलाइन गेमिंग और लूडो के नाम पर साइबर ठगी करने वाले गिरोह का वाराणसी पुलिस ने बड़ा पर्दाफाश किया है। साइबर सेल और थाना सारनाथ पुलिस की संयुक्त टीम ने शिव विहार कॉलोनी से गिरोह के तीन शातिर सदस्यों को गिरफ्तार कर 8 करोड़ 14 लाख रुपये की साइबर धोखाधड़ी का खुलासा किया है। इस गिरोह के खिलाफ देश के नौ राज्यों से कुल 19 शिकायतें सामने आई हैं।
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सागर सेठ (27 वर्ष), मंगल कुमार (34 वर्ष) और सुदीप कश्यप (28 वर्ष) के रूप में हुई है। तीनों आरोपी शिव विहार, अकथा चौराहा, सारनाथ के निवासी हैं। पुलिस की कार्रवाई से ऑनलाइन ठगी के इस नेटवर्क से जुड़े कई अहम सुराग हाथ लगे हैं।
सात बैंक खाते सीज, चार मोबाइल बरामद
गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से पुलिस ने चार मोबाइल फोन बरामद किए हैं। इसके साथ ही साइबर धोखाधड़ी में इस्तेमाल किए जा रहे सात बैंक खातों को सीज किया गया है। जांच में सामने आए 8.14 करोड़ रुपये के लेनदेन और नौ राज्यों से मिली 19 शिकायतों ने इस गिरोह के नेटवर्क की गंभीरता उजागर की है।
एसपी कैंट अपूर्व पांडेय ने किया खुलासा
पूरे मामले का खुलासा एसपी कैंट अपूर्व पांडेय ने किया। साइबर सेल और सारनाथ पुलिस की संयुक्त कार्रवाई को साइबर अपराध के खिलाफ बड़ी सफलता माना जा रहा है। पुलिस अब गिरोह से जुड़े अन्य लोगों और ठगी की रकम के लेनदेन की कड़ियों की जांच में जुटी है।
गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ धारा 112(2), 318(4) तथा PROG Act 2025 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
नौ राज्यों तक फैली शिकायतें और 8.14 करोड़ रुपये की ठगी का आंकड़ा सामने आने के बाद अब पुलिस की जांच इस बात पर केंद्रित है कि इस नेटवर्क में और कौन-कौन शामिल है तथा ठगी की रकम कहां-कहां भेजी गई।
