सुंदरपुर में एक सप्ताह से फटी पड़ी जल निगम की पाइपलाइन, रोजाना हजारों लीटर पानी हो रहा बर्बाद

वाराणसी। शहर के सुंदरपुर चौराहे से करीब 500 मीटर अंदर मालवी पार्क के पीछे जल निगम की पाइपलाइन क्षतिग्रस्त होने से स्थानीय लोगों और राहगीरों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। बताया जा रहा है कि यहां गैस लाइन पाइप बिछाने के लिए की गई बोरिंग के दौरान जल निगम की पाइपलाइन फट गई थी। घटना को करीब एक सप्ताह बीत चुका है, लेकिन अब तक पाइपलाइन की मरम्मत नहीं कराई गई है।

पाइपलाइन क्षतिग्रस्त होने के कारण लगातार पानी बह रहा है। स्थानीय लोगों के मुताबिक प्रतिदिन हजारों लीटर स्वच्छ पानी बर्बाद हो रहा है। वहीं सड़क पर पानी फैलने से आने-जाने वाले लोगों को भी काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। खासकर दोपहिया वाहन चालकों और पैदल यात्रियों को परेशानी हो रही है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि एक सप्ताह से समस्या बनी हुई है, लेकिन जिम्मेदार विभाग के अधिकारियों का ध्यान इस ओर नहीं जा रहा है। लोगों ने सवाल उठाया है कि एक तरफ पानी बचाने की अपील की जाती है, वहीं दूसरी तरफ पाइपलाइन टूटने से लगातार पानी बर्बाद हो रहा है।

क्षेत्रीय जनता ने जल निगम और जिला प्रशासन से मांग की है कि मामले को गंभीरता से लेते हुए जल्द से जल्द पाइपलाइन की मरम्मत कराई जाए, ताकि पानी की बर्बादी रोकी जा सके और राहगीरों को राहत मिल सके।

TOP

You cannot copy content of this page