देव दीपावली पर काशी में 11 लाख से अधिक दीपों से जगमगाएंगे घाट, पहली बार गंगा में लागू होगा टू-वे लेन सिस्टम

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने की गंगा महोत्सव और देव दीपावली की तैयारियों की समीक्षा, सुरक्षा से लेकर यातायात तक के पुख्ता इंतजाम के निर्देश

वाराणसी। काशी की विश्व प्रसिद्ध देव दीपावली को भव्य, दिव्य और सुरक्षित बनाने के लिए प्रदेश सरकार ने तैयारियां तेज कर दी हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को वाराणसी में आगामी 20 से 23 नवंबर तक आयोजित होने वाले गंगा महोत्सव और 24 नवंबर को होने वाली देव दीपावली की तैयारियों की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को श्रद्धालुओं और पर्यटकों की सुविधा, सुरक्षा तथा यातायात व्यवस्था को लेकर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि देव दीपावली काशी की सांस्कृतिक पहचान और गौरवशाली विरासत का प्रतीक है। इस वर्ष काशी के सभी पक्के घाटों, रेतीले तटों और 100 से अधिक कुंडों पर 11 लाख से अधिक दीप प्रज्वलित किए जाएंगे। उन्होंने निर्देश दिया कि देव दीपावली का उल्लास केवल शहर तक सीमित न रहे, बल्कि ग्रामीण क्षेत्रों, सारनाथ और प्रमुख धार्मिक स्थलों तक भी आयोजन की भव्यता दिखाई दे।

गंगा महोत्सव में स्थानीय कलाकारों को मिलेगी प्राथमिकता

मुख्यमंत्री ने नमो घाट पर आयोजित होने वाले गंगा महोत्सव में स्थानीय कलाकारों को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। वहीं, 24 नवंबर को कार्तिक पूर्णिमा और देव दीपावली के अवसर पर दशाश्वमेध घाट की भव्य गंगा महाआरती, चेत सिंह घाट पर प्रोजेक्शन एवं लेजर शो, ड्रोन शो और काशी विश्वनाथ धाम के सामने ग्रीन आतिशबाजी का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि सभी कार्यक्रम आमजन की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखकर आयोजित किए जाएं।

इसके साथ ही नाविकों को सुरक्षित संचालन का प्रशिक्षण देने और महिला स्वयं सहायता समूहों द्वारा तैयार किए गए दीपकों को दीपोत्सव में शामिल करने पर भी जोर दिया।

10 जोन, 21 सेक्टर और 36 सब-सेक्टर में बंटेगा घाट क्षेत्र

देव दीपावली पर लाखों श्रद्धालुओं और पर्यटकों की संभावित भीड़ को देखते हुए सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए जा रहे हैं। घाट क्षेत्र को 10 जोन, 21 सेक्टर और 36 सब-सेक्टर में विभाजित किया गया है। सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी के लिए 27 वॉच टावर बनाए जाएंगे। इसके अलावा ड्रोन कैमरों, क्विक रिस्पांस टीम (QRT), खोया-पाया केंद्रों और पर्यटक पुलिस की तैनाती की जाएगी।

गंगा में नावों के सुरक्षित और व्यवस्थित संचालन के लिए इस वर्ष पहली बार नमो घाट से अस्सी घाट तक टू-वे लेन सिस्टम लागू किया जाएगा। इससे नावों की आवाजाही को व्यवस्थित करने और संभावित अव्यवस्था रोकने में मदद मिलेगी।

शहर में जाम से निपटने के लिए 31 पार्किंग स्थल

श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के मद्देनजर शहर को जाम से मुक्त रखने के लिए 7 डायवर्जन प्वाइंट और 31 पार्किंग स्थल निर्धारित किए गए हैं। आपातकालीन चिकित्सा सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए 14 अस्पतालों का ग्रीन कॉरिडोर तैयार किया जाएगा, ताकि जरूरत पड़ने पर मरीजों को बिना देरी अस्पताल पहुंचाया जा सके।

मुख्यमंत्री ने 20 से 25 नवंबर तक विशेष स्वच्छता अभियान चलाने के निर्देश भी दिए हैं, जिससे गंगा घाटों, प्रमुख मार्गों और धार्मिक स्थलों पर साफ-सफाई बनी रहे।

सभी विभागों को समय से तैयारियां पूरी करने के निर्देश

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ निर्धारित समयसीमा में तैयारियां पूरी करने को कहा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि काशी आने वाले प्रत्येक श्रद्धालु और पर्यटक को सुरक्षित, सुगम और यादगार अनुभव मिलना चाहिए।

इस बार 11 लाख से अधिक दीपों की रोशनी, गंगा महोत्सव के सांस्कृतिक कार्यक्रम, लेजर और ड्रोन शो के साथ सुरक्षा एवं यातायात की विशेष व्यवस्थाएं देव दीपावली को और भव्य बनाने की तैयारी में हैं।

TOP

You cannot copy content of this page