डाला छठ और देव दीपावली पर वाराणसी में चाक-चौबंद होगी व्यवस्था, नमो घाट से सामने घाट तक विशेष तैयारी

महापौर अशोक कुमार तिवारी और नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने अधिकारियों को दिए निर्देश, घाटों से लेकर कुंडों और तालाबों तक सफाई, सुरक्षा व मरम्मत पर रहेगा विशेष जोर

15 दिसंबर तक सौंदर्यीकरण कार्य पूरा करने की चेतावनी, लापरवाही मिलने पर ठेकेदारों और जिम्मेदार अधिकारियों पर होगी कार्रवाई

वाराणसी। डाला छठ और देव दीपावली के मद्देनजर वाराणसी में श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को लेकर नगर निगम ने तैयारियां तेज कर दी हैं। नमो घाट से सामने घाट तक गंगा के प्रमुख घाटों के साथ रामनगर क्षेत्र, वरुणा नदी के पक्के घाटों, कुंडों और तालाबों पर विशेष व्यवस्थाएं की जाएंगी। इसके लिए नगर निगम प्रशासन ने अधिकारियों को साफ-सफाई, मरम्मत, प्रकाश व्यवस्था और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

इसी क्रम में मंगलवार को नगर निगम सभागार में महापौर अशोक कुमार तिवारी और नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल की संयुक्त अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में आगामी पर्वों की तैयारियों के साथ शहर में चल रहे विकास और सौंदर्यीकरण कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई।

बैठक में महापौर ने वर्षा के दौरान जलभराव की समस्या, दुर्गापूजा, रामनगर की रामलीला, भरत मिलाप और एयर शो के दौरान बेहतर व्यवस्था संभालने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों की सराहना की। उन्होंने कहा कि अब सभी विभागों का पूरा ध्यान डाला छठ और देव दीपावली को सफलतापूर्वक संपन्न कराने पर होना चाहिए।

घाटों पर चेंजिंग रूम और बेहतर लाइटिंग की व्यवस्था

महापौर ने सभी जोनल अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों का नोडल अधिकारी बनाते हुए घाटों और जलाशयों का स्थलीय निरीक्षण करने के निर्देश दिए। नमो घाट से सामने घाट, रामनगर के घाटों, वरुणा नदी के पक्के घाटों और नगर क्षेत्र के सभी कुंडों व तालाबों में जहां भी टूट-फूट, मलबा या गंदगी मिले, उसे तत्काल दुरुस्त कराने को कहा गया।

श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए घाटों पर पर्याप्त संख्या में चेंजिंग रूम स्थापित करने और बेहतर प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा दलदल और फिसलन वाले स्थानों पर बालू से भरी बोरियां रखी जाएंगी, ताकि छठ व्रतियों और श्रद्धालुओं को आवागमन में परेशानी न हो।

घाटों पर नहीं दिखेंगे छुट्टा पशु, नाव और पैदल होगी निगरानी

नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने अभियंताओं और स्वास्थ्य निरीक्षकों को लगातार क्षेत्र में भ्रमण कर व्यवस्थाओं की निगरानी करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि पर्वों की तैयारियों में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

पशु चिकित्सा अधिकारी को निर्देशित किया गया कि घाटों पर छुट्टा पशुओं का विचरण पूरी तरह रोका जाए। यदि कोई पशु घाटों पर घूमता हुआ पाया जाता है तो उसे तत्काल पकड़कर जुर्माना लगाया जाए। वहीं, जोनल स्वच्छता अधिकारियों को नाव और पैदल गश्त के माध्यम से घाटों की सफाई व्यवस्था पर लगातार नजर रखने को कहा गया है।

15 दिसंबर तक पूरा करना होगा सौंदर्यीकरण का काम

समीक्षा बैठक में शहर के विकास कार्यों की धीमी प्रगति पर भी महापौर ने नाराजगी जताई। स्मार्ट सिटी के मुख्य अभियंता से सोनिया तालाब के सौंदर्यीकरण कार्य की जानकारी ली गई। इसके साथ ही ककरमत्ता तालाब, जेपी मेहता एथलीट प्ले ग्राउंड और पद्म पुरस्कार विजेताओं की गलियों के सौंदर्यीकरण का कार्य हर हाल में 15 दिसंबर तक पूरा करने की समयसीमा तय की गई।

मुख्य अभियंता सुरेश चंद्र के अधीन चल रहे गली सौंदर्यीकरण के कार्यों की धीमी गति पर महापौर ने गहरी नाराजगी जताई। उन्होंने संबंधित ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई करने के भी निर्देश दिए।

बैठक में अपर नगर आयुक्त दुर्गेश मिश्रा, मुख्य अभियंता सुरेश चंद्र, महाप्रबंधक जलकल अनूप सिंह, सचिव जलकल समेत सभी जोनल अधिकारी, अधिशासी अभियंता, सहायक अभियंता, अवर अभियंता और जोनल स्वच्छता अधिकारी मौजूद रहे।

नगर निगम प्रशासन का लक्ष्य है कि डाला छठ और देव दीपावली के दौरान काशी आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों को स्वच्छ, सुरक्षित और व्यवस्थित घाट उपलब्ध कराए जाएं, ताकि दोनों पर्वों का आयोजन सुचारु रूप से संपन्न हो सके।

TOP

You cannot copy content of this page