बाइक सवार तीन बदमाशों ने दो भाइयों से मारपीट कर मोबाइल और सोने की चेन लूटी, केस दर्ज

वाराणसी-(काशीवार्ता)- शिवपुर थाना क्षेत्र में लूट की वारदात सामने आई है। इन्द्रपुर अस्पताल गेट के सामने बाइक सवार तीन अज्ञात बदमाशों ने दो सगे भाइयों को रोककर मारपीट की और मोबाइल व सोने की चेन छीनकर फरार हो गए। प्राप्त जानकारी के अनुसार, इन्द्रपुर निवासी प्रणव रमण चौबे अपने भाई देवेश रमण चौबे के साथ 9 नवंबर की रात करीब 9 से 9:30 बजे घर से बाजार सामान लेने के लिए निकले थे। तभी काशी राम आवास की तरफ से एक मोटरसाइकिल पर सवार तीन युवकों ने उन्हें इन्द्रपुर अस्पताल गेट के सामने रोक लिया। आरोप है कि बदमाशों ने गाली-गलौज करते हुए दोनों भाइयों के साथ मारपीट की और एक मोबाइल फोन और गले से सोने की चेन छीन ली।घटना के बाद पीड़ित ने तत्काल डायल 112 पर पुलिस को सूचना दी। सूचना पर पहुंची 112 पुलिस ने पीड़ित को थाने पर तहरीर देने की सलाह दी। पीड़ित की तहरीर के आधार पर थाना शिवपुर में अज्ञात तीन मोटरसाइकिल सवारों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।शिवपुर पुलिस का कहना है कि तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है और आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। जल्द ही आरोपियों की पहचान कर गिरफ्तारी की जाएगी।

TOP

You cannot copy content of this page