सरदार नगर कॉलोनी में बिजली के झूलते तारों का जाल, हादसे को दे रहा दावत

उसरपुरवा की कॉलोनी में पुराने और कमजोर खंभों पर अतिरिक्त बोझ, बीच में नए खंभे लगाने की मांग

शिवपुर ।उसरपुरवा स्थित सरदार नगर कॉलोनी में बिजली के तारों की अव्यवस्थित स्थिति लोगों के लिए खतरे का सबब बनी हुई है। बिजली विभाग ने स्मार्ट केबल लगाने और उपभोक्ताओं को बेहतर बिजली व्यवस्था देने की पहल तो की, लेकिन खंभों के बीच की दूरी का समुचित आकलन करना उचित नहीं समझा। नतीजा यह है कि कई स्थानों पर बिजली के तार झूल रहे हैं और बीच में खंभों का सपोर्ट नहीं होने से तारों का जाल अव्यवस्थित हो गया है।

स्थानीय लोगों के मुताबिक, कॉलोनी की गली में कई पुराने लोहे के बिजली के खंभों पर अतिरिक्त तारों का बोझ है। इनमें से कुछ खंभे पुराने और कमजोर हो चुके हैं। ऐसे में तेज हवा और आंधी के दौरान तारों के टूटने अथवा खंभों के क्षतिग्रस्त होने का खतरा बना हुआ है। बिजली विभाग की ओर से स्मार्ट केबल लगाने के बावजूद पूरी व्यवस्था को सुव्यवस्थित नहीं किया गया है।

कॉलोनी में जगह-जगह झूलते तार और पुराने खंभों की स्थिति विभागीय निगरानी और नियंत्रण व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर रही है। स्थानीय लोगों ने बिजली विभाग से मांग की है कि गली में तारों को उचित ऊंचाई पर व्यवस्थित किया जाए और जहां खंभों के बीच अधिक दूरी है, वहां तत्काल नए खंभे लगाए जाएं।

लोगों का कहना है कि बिजली के तारों का यह जाल केवल आंधी और तेज हवा के समय ही नहीं, बल्कि सामान्य दिनों में भी दुर्घटना का कारण बन सकता है। इसलिए किसी अप्रिय घटना का इंतजार करने के बजाय विभाग को तत्काल निरीक्षण कर आवश्यक सुधार कराना चाहिए, ताकि कॉलोनी के लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।

TOP

You cannot copy content of this page