स्वच्छ सर्वेक्षण में वाराणसी का जलवा, बेस्ट रिवर फ्रंट टाउन श्रेणी में देश में मिला तीसरा स्थान, राष्ट्रपति ने किया सम्मानित

नई दिल्ली में विज्ञान भवन में आयोजित समारोह में महापौर अशोक कुमार तिवारी और नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने ग्रहण किया पुरस्कार, नगर निगम मुख्यालय में ढोल-नगाड़ों के साथ मना जश्न

वाराणसी। स्वच्छता और गंगा संरक्षण के क्षेत्र में वाराणसी ने एक बार फिर राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान मजबूत की है। केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय की ओर से आयोजित स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 के तहत ‘बेस्ट रिवर फ्रंट टाउन’ श्रेणी में वाराणसी नगर निगम को देश में तीसरा स्थान मिला है। देशभर के नदी किनारे बसे शहरों के बीच हुई प्रतिस्पर्धा में काशी ने यह उपलब्धि हासिल कर शहर का गौरव बढ़ाया है।

नई दिल्ली स्थित विज्ञान भवन में बुधवार को आयोजित भव्य पुरस्कार समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने वाराणसी को यह राष्ट्रीय पुरस्कार प्रदान किया। पुरस्कार ग्रहण करने वाली टीम में प्रदेश के नगर विकास मंत्री एके शर्मा, महापौर अशोक कुमार तिवारी और नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल शामिल रहे। इस दौरान अपर नगर आयुक्त दुर्गेश मिश्रा भी मौजूद रहे।

गंगा की स्वच्छता और आधुनिक व्यवस्थाओं ने दिलाया सम्मान

वाराणसी को यह उपलब्धि गंगा के पानी की गुणवत्ता, घाटों की नियमित सफाई, सीवरेज प्रबंधन और नदी में गिरने वाले नालों के पानी के शोधन जैसी व्यवस्थाओं के आधार पर मिली है। नगर निगम की ओर से अस्सी घाट से नमो घाट तक 84 से अधिक घाटों पर तीन शिफ्टों में सफाई और कूड़ा निस्तारण कराया जाता है।

इसके अलावा गंगा में गिरने वाले छोटे-बड़े नालों की टैपिंग कर उनके पानी को सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) तक पहुंचाने की व्यवस्था की गई है। नदी में तैरने वाले फूल-माला, प्लास्टिक और अन्य कचरे को निकालने के लिए ट्रैश स्कीमर मशीनों का संचालन किया जा रहा है। वहीं, घाटों पर एकत्र होने वाली पूजन सामग्री को अलग-अलग एकत्र कर उससे खाद और अगरबत्ती तैयार करने की व्यवस्था भी इस अभियान का हिस्सा है।

छह सर्वेक्षणों में लगातार शीर्ष शहरों में रही काशी

बेस्ट रिवर फ्रंट टाउन श्रेणी में वाराणसी का प्रदर्शन लगातार बेहतर रहा है। वर्ष 2020 से अब तक आयोजित छह सर्वेक्षणों में काशी ने देश के शीर्ष शहरों में अपनी जगह बनाए रखी है। इस बार प्रतिस्पर्धा केवल गंगा किनारे बसे शहरों तक सीमित नहीं थी, बल्कि देश की अन्य प्रमुख नदियों के किनारे स्थित शहर भी इसमें शामिल थे। ऐसे में तीसरा स्थान हासिल करना वाराणसी के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।

तीन चरणों में होती है रिवर टाउन सर्वेक्षण की प्रक्रिया

रिवर टाउन सर्वेक्षण में शहर की स्वच्छता और नदी संरक्षण से जुड़ी व्यवस्थाओं का अलग-अलग स्तर पर मूल्यांकन किया जाता है। इसमें नगर निगम की ओर से उपलब्ध कराए गए दस्तावेजों के आधार पर एसटीपी, नालों की टैपिंग और ठोस अपशिष्ट प्रबंधन की जांच की जाती है। इसके बाद केंद्रीय टीम शहर पहुंचकर घाटों, नदी किनारे और आसपास के क्षेत्रों की वास्तविक स्थिति का निरीक्षण करती है। स्थानीय नागरिकों और पर्यटकों से भी सफाई तथा सुविधाओं को लेकर फीडबैक लिया जाता है।

नदी के पानी की गुणवत्ता भी इस मूल्यांकन का महत्वपूर्ण हिस्सा होती है। इसके लिए अलग-अलग स्थानों से पानी के नमूने लेकर घुलनशील ऑक्सीजन (डीओ), बायोकेमिकल ऑक्सीजन डिमांड (बीडीओ), फीकल कोलीफॉर्म और पीएच स्तर की जांच की जाती है। इससे नदी के पानी की गुणवत्ता और प्रदूषण की स्थिति का आकलन किया जाता है।

नगर निगम मुख्यालय में ढोल-नगाड़ों के साथ मना जश्न

वाराणसी को तीसरा स्थान मिलने की घोषणा होते ही सिगरा स्थित नगर निगम मुख्यालय में उत्सव का माहौल बन गया। नई दिल्ली के विज्ञान भवन में आयोजित समारोह का सीधा प्रसारण देखने के लिए निगम सभागार में बड़ी स्क्रीन लगाई गई थी। जैसे ही राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु के हाथों महापौर और नगर आयुक्त ने पुरस्कार ग्रहण किया, सभागार तालियों और ‘हर-हर महादेव’ के उद्घोष से गूंज उठा।

इस अवसर पर उपसभापति नरसिंह दास, पार्षदगण, नगर निगम के वरिष्ठ अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। पुरस्कार मिलने की खुशी में मुख्यालय परिसर में ढोल-नगाड़े बजाए गए। सफाई मित्रों और कर्मचारियों ने एक-दूसरे को अबीर-गुलाल लगाकर खुशी मनाई। अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने सफाई कर्मियों को इस उपलब्धि का महत्वपूर्ण हिस्सा बताते हुए उनका उत्साह बढ़ाया।

महापौर बोले, सफाई मित्रों और जागरूक नागरिकों की मेहनत का परिणाम

महापौर अशोक कुमार तिवारी ने कहा कि बेस्ट रिवर टाउन सर्वेक्षण में काशी का देश के शीर्ष तीन शहरों में शामिल होना हर बनारसी के लिए गर्व का क्षण है। यह उपलब्धि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मार्गदर्शन का परिणाम है। इसका श्रेय दिन-रात मेहनत करने वाले सफाई मित्रों और जागरूक नागरिकों को जाता है।

वहीं, नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने कहा कि गंगा घाटों की स्वच्छता और अविरलता बनाए रखना नगर निगम की प्राथमिकताओं में शामिल है। देशभर के नदी किनारे बसे शहरों के बीच तीसरा स्थान हासिल करना नगर निगम की टीम की मेहनत और आधुनिक स्वच्छता प्रबंधन का नतीजा है। आने वाले समय में तकनीक और जनभागीदारी के माध्यम से स्वच्छता के मानकों को और बेहतर बनाने का प्रयास किया जाएगा।

वाराणसी को मिला यह सम्मान केवल नगर निगम की उपलब्धि नहीं, बल्कि उन सफाई कर्मियों, अधिकारियों और नागरिकों के सामूहिक प्रयासों की पहचान है, जो काशी के घाटों और गंगा को स्वच्छ बनाए रखने में लगातार योगदान दे रहे हैं।

TOP

You cannot copy content of this page