
वाराणसी। मडुवाडीह थाना क्षेत्र में कानून-व्यवस्था और यातायात व्यवस्था को लेकर पुलिस अधिकारी एक्शन मोड में नजर आए। एडीसीपी लिपि नागायच और एसीपी अवधेश विश्वकर्मा ने मडुवाडीह थाने का निरीक्षण कर पुलिसिंग की हकीकत परखी। इसके बाद अधिकारियों ने पुलिस टीम के साथ क्षेत्र में पैदल गश्त कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने थाने के विभिन्न रजिस्टरों, अभिलेखों और अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेजों की जांच की। साथ ही पुलिसकर्मियों के लिए संचालित मेस में पहुंचकर वहां की व्यवस्थाओं का भी बारीकी से निरीक्षण किया। अधिकारियों ने थाना परिसर की व्यवस्थाओं को परखते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
थाने के निरीक्षण के बाद एडीसीपी और एसीपी पुलिस बल के साथ सड़कों पर उतरे। प्रमुख मार्गों और चौराहों पर पैदल गश्त करते हुए उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान पुलिसकर्मियों को संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने, आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने और क्षेत्र में लगातार सक्रिय रहने के निर्देश दिए गए।
जाम की समस्या पर विशेष सख्ती के निर्देश
मडुवाडीह क्षेत्र में यातायात व्यवस्था को लेकर अधिकारियों ने विशेष सतर्कता बरतने को कहा। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि प्रमुख मार्गों और चौराहों पर अनावश्यक जाम की स्थिति पैदा न होने पाए। यातायात बाधित करने वालों पर नजर रखी जाए और सड़क पर आवागमन सुचारु बनाए रखने के लिए प्रभावी कदम उठाए जाएं।
अधिकारियों की इस कार्रवाई से साफ संदेश दिया गया कि मडुवाडीह क्षेत्र में कानून-व्यवस्था के साथ यातायात व्यवस्था को लेकर भी पुलिस की निगरानी लगातार जारी रहेगी।
इस दौरान थाना प्रभारी दिगंबर उपाध्याय, मडुवाडीह कस्बा इंचार्ज योगेंद्र कुमार यादव, मडौली चौकी इंचार्ज रामकुमार पांडेय, लहरतारा चौकी इंचार्ज प्रवीण सचान, बीएलडब्ल्यू चौकी इंचार्ज विशाल सिंह तथा उपनिरीक्षक सत्य प्रकाश यादव, राजेंद्र यादव, योगेंद्र कुमार यादव, सुनील राय सहित थाने की पुलिस फोर्स मौजूद रही।
