छठ महापर्व को लेकर बरेका सूर्यसरोवर तैयार! सजने लगा आस्था का घाट, व्रती महिलाओं ने बनाई अपनी वेदियां, 15 नवंबर को डूबते और 16 को उगते सूर्य को देंगी अर्घ्य

वाराणसी(काशीवार्ता)। लोक आस्था और सूर्य उपासना के महापर्व छठ पूजा को लेकर वाराणसी के बनारस रेल इंजन कारखाना (बरेका) स्थित सूर्यसरोवर पर तैयारियां अब अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। सरोवर परिसर में छठ महापर्व की रौनक दिखाई देने लगी है। व्रती महिलाओं और श्रद्धालुओं में पर्व को लेकर खासा उत्साह है। घाट से लेकर सरोवर के आसपास तक पूजा की तैयारियां तेजी से पूरी की जा रही हैं।

छठ पूजा के लिए व्रती महिलाओं ने सूर्यसरोवर के किनारे अपनी-अपनी वेदियां तैयार कर ली हैं। इन वेदियों पर श्रद्धालु पारंपरिक विधि-विधान से भगवान सूर्य और छठी मैया की पूजा-अर्चना करेंगे। वहीं, छठ पूजा कमेटी की ओर से श्रद्धालुओं की सुविधा और व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए विशेष इंतजाम किए गए हैं।

सरोवर के चारों तरफ व्रती महिलाओं के लिए कपड़े बदलने की सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से चेंजिंग रूम बनाकर तैयार कर दिए गए हैं। इसके साथ ही कमेटी की ओर से पूरे परिसर में आकर्षक सजावट का काम भी कराया जा रहा है, जिससे सूर्यसरोवर छठ महापर्व के अवसर पर भव्य और आकर्षक नजर आएगा।

बताते चलें कि 15 नवंबर को छठ महापर्व के अवसर पर व्रती महिलाएं अस्ताचलगामी यानी डूबते हुए सूर्य को अर्घ्य अर्पित करेंगी। इसके बाद 16 नवंबर की सुबह उगते हुए सूर्य को अर्घ्य देकर भगवान भास्कर से परिवार की सुख-समृद्धि, संतान की लंबी आयु और खुशहाली की कामना करेंगी।

उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देने के साथ ही व्रती महिलाएं अपने 36 घंटे के कठिन निर्जला व्रत का पारण करेंगी। फिलहाल बरेका सूर्यसरोवर पर तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। श्रद्धा, आस्था और भक्ति के इस महापर्व को लेकर पूरा परिसर छठमय होने लगा है।

TOP

You cannot copy content of this page