सोनभद्र में CSC आईडी के दुरुपयोग से लाखों की साइबर ठगी का खुलासा, दो गिरफ्तार

Inactive CSC ID को एक्टिव कराने के नाम पर संचालकों से लेते थे यूजर आईडी-पासवर्ड, फर्जी दस्तावेजों से भी बनाते थे आईडी

सोनभद्र। जनसेवा केंद्रों की CSC आईडी का दुरुपयोग कर लाखों रुपये की साइबर धोखाधड़ी करने वाले गिरोह का सोनभद्र पुलिस ने पर्दाफाश किया है। साइबर क्राइम पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि गिरोह के सदस्य जनसेवा केंद्रों की निष्क्रिय (Inactive) CSC आईडी को दोबारा सक्रिय कराने के नाम पर संचालकों से यूजर आईडी और पासवर्ड हासिल करते थे। इसके बाद पासवर्ड बदलकर ये आईडी साइबर अपराधियों को उपलब्ध करा देते थे। इतना ही नहीं, दूसरे लोगों के दस्तावेजों का इस्तेमाल कर फर्जी CSC आईडी भी तैयार कराई जाती थी।

पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देश पर साइबर अपराधों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। अपर पुलिस अधीक्षक (ऑपरेशन) ऋषभ रुणवाल एवं क्षेत्राधिकारी/सहायक नोडल अधिकारी के पर्यवेक्षण में साइबर क्राइम पुलिस थाना सोनभद्र की टीम ने मुकदमा अपराध संख्या 13/2026, धारा 318(4) और 66(D) से संबंधित मामले की जांच करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया।

ऐसे करते थे CSC आईडी का दुरुपयोग

पुलिस जांच में सामने आया कि जनसेवा केंद्रों से जुड़े कार्यों में संविदा पर नियुक्त आशीष कुमार पाण्डेय निष्क्रिय CSC आईडी को दोबारा चालू कराने के नाम पर केंद्र संचालकों से उनकी यूजर आईडी और पासवर्ड हासिल करता था। इसके बाद पासवर्ड बदलकर संबंधित आईडी साइबर अपराध में शामिल लोगों को सौंप दी जाती थी।

इसके अलावा गिरोह के सदस्य दूसरे व्यक्तियों के दस्तावेजों का दुरुपयोग कर उनके नाम से नई CSC आईडी बनवाते थे। सत्यापन के बाद इन आईडी को सक्रिय कर साइबर अपराधियों को उपलब्ध कराया जाता था। इन आईडी के जरिए साइबर धोखाधड़ी की घटनाओं को अंजाम दिया जा रहा था।

दस्तावेजों के दुरुपयोग से पीड़ित को गुजरात पुलिस ने किया था गिरफ्तार

जांच के दौरान विशाल पटेल निवासी सुकृत, सुशील कुमार, रमेश कुमार गुर्जर निवासी कन्हरा और सविता पत्नी रूपनाथ प्रजापति के नाम सामने आए। पुलिस के अनुसार, विशाल पटेल ने बैंक खाता खुलवाने के उद्देश्य से जनसेवा केंद्र पर अपने दस्तावेज दिए थे। आरोप है कि इन्हीं दस्तावेजों का इस्तेमाल कर उनके नाम से CSC आईडी तैयार की गई और उसका सत्यापन भी कराया गया।

इस आईडी का साइबर अपराध में इस्तेमाल होने के कारण गुजरात पुलिस ने विशाल पटेल को गिरफ्तार कर लिया था। उन्हें जमानत भी करानी पड़ी। वहीं, अन्य पीड़ितों के नाम और जनसेवा केंद्रों की ऑपरेटर आईडी का इस्तेमाल भी कथित तौर पर साइबर धोखाधड़ी में किया गया।

पीड़ित की शिकायत और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर साइबर क्राइम पुलिस ने दोनों संदिग्धों को पूछताछ के लिए बुलाया। जांच में उनकी संलिप्तता सामने आने पर उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में आशीष कुमार पाण्डेय पुत्र सुखनन्दन पाण्डेय, निवासी उस्मानपुर, थाना चुनार, जनपद मिर्जापुर और अभय कुमार गौंड पुत्र शंकर प्रसाद गौंड, निवासी नवापुरा, थाना सारनाथ, जनपद वाराणसी शामिल हैं।

दो मोबाइल और पल्सर बाइक बरामद

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो एंड्रॉयड मोबाइल फोन और एक दोपहिया वाहन (पल्सर) बरामद किया है। इस कार्रवाई में साइबर थाना प्रभारी निरीक्षक धीरेन्द्र कुमार चौधरी, उपनिरीक्षक आशीष पटेल, हेड कांस्टेबल शिवनन्दन सिंह यादव, संजय कुमार वर्मा, योगेश यादव तथा कांस्टेबल सुनील रावत शामिल रहे।

पुलिस की इस कार्रवाई से CSC आईडी के जरिए साइबर अपराध को अंजाम देने वाले नेटवर्क का खुलासा हुआ है। साथ ही जनसेवा केंद्र संचालकों को अपनी आईडी और पासवर्ड किसी अनजान व्यक्ति को न देने के प्रति सतर्क रहने की जरूरत भी सामने आई है।

TOP

You cannot copy content of this page