चांदपुर में नाले में मिले शव की हुई शिनाख्त, पारिवारिक विवाद के बाद घर से निकले थे रामदेव सिंह

अखबार में खबर पढ़कर थाने पहुंची पत्नी, पुलिस को प्रार्थना पत्र देकर जांच और कार्रवाई की मांग की

वाराणसी। मडुवाडीह थाना क्षेत्र के चांदपुर में गुरुवार को नाले में मिले अज्ञात व्यक्ति के शव की पहचान शिवदासपुर बिंद बस्ती निवासी रामदेव सिंह(62) के रूप में हुई। शव मिलने की खबर से इलाके में सनसनी फैल गई थी। सूचना पर पहुंची मडुवाडीह पुलिस ने शव की शिनाख्त कराने का प्रयास किया और उसे मोर्चरी हाउस में रखवाकर आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू की थी।शुक्रवार को शाम के अखबार में खबर प्रकाशित होने के बाद रामदेव सिंह की पत्नी सोनकालिया देवी निवासी शिवदासपुर बिंद बस्ती, मडुवाडीह तथा मूल निवासी सोनडाहा, गया (बिहार) ने शव की पहचान अपने पति के रूप में की। सोनकालिया देवी ने बताया कि कुछ दिन पूर्व उनके पति से कहासुनी हुई थी, जिसके बाद वह घर से चले गए थे। इसके बाद से उनकी कोई जानकारी नहीं मिल रही थी।अखबार में चांदपुर के नाले में अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने की खबर पढ़कर उन्हें आशंका हुई। इसके बाद वह मडुवाडीह थाने पहुंचीं और प्रार्थना पत्र देकर पूरे मामले की जांच कराने तथा उचित विधिक कार्रवाई करने की मांग की। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

TOP

You cannot copy content of this page