आस्था के रंगों से सज रहा सूर्यसरोवर, 4 हजार पास से मिलेगी श्रद्धालुओं को प्रवेश की सुविधा, भजन-कीर्तन से लेकर भरतनाट्यम तक होंगे आयोजन
वाराणसी(काशीवार्ता)। सूर्य उपासना के महापर्व छठ पूजा को लेकर बरेका स्थित सूर्यसरोवर पर तैयारियां अब अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। सूर्यसरोवर का पूरा परिसर आस्था और भक्ति के रंग में रंगने लगा है। व्रती महिलाओं और उनके परिजन अपनी-अपनी वेदियों को रंगरोगन कर अंतिम रूप देने में जुटे हैं। वहीं, छठ पूजा के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और भीड़ नियंत्रण को लेकर छठ समिति बरेका की ओर से व्यापक इंतजाम किए जा रहे हैं।
छठ समिति बरेका के अध्यक्ष अनूप सिंह और महामंत्री अजय आर ने बताया कि व्रती महिलाओं की सुविधा के लिए सरोवर के चारों तरफ 26 चेंजिंग रूम तैयार किए गए हैं। इससे महिलाओं को कपड़े बदलने में किसी तरह की परेशानी नहीं होगी। वहीं, सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए 15 अतिरिक्त सीसीटीवी कैमरे लगाए जा रहे हैं, जिनसे पूरे सरोवर परिसर की निगरानी की जाएगी। इसके अलावा परिसर को आकर्षक झालरों से सजाया जा रहा है।
भक्ति और संस्कृति के रंग में रंगेगा सूर्यसरोवर
छठ महापर्व के अवसर पर धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों की भी विशेष व्यवस्था की गई है। समिति की ओर से 108 बार हनुमान चालीसा का पाठ कराया जाएगा। रात्रि में सुंदरकांड पाठ के साथ भजन संध्या का आयोजन होगा। इसके साथ ही श्रद्धालुओं के मनोरंजन और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के लिए भरतनाट्यम नृत्य का कार्यक्रम भी रखा गया है।
दूर-दराज से आने वाली व्रती महिलाओं और उनके परिजनों के लिए रात्रि में निःशुल्क ठहरने की व्यवस्था की गई है, ताकि उन्हें पूजा के दौरान किसी तरह की असुविधा न हो।
भीड़ नियंत्रण के लिए 4 हजार पास होंगे वितरित
सूर्यसरोवर परिसर में श्रद्धालुओं की भीड़ को नियंत्रित करने के लिए समिति की ओर से चार हजार प्रवेश पास वितरित किए जा रहे हैं। एक पास पर व्रती महिला के साथ परिवार के पांच अन्य सदस्यों को प्रवेश की अनुमति होगी। वहीं, सरोवर पर सुरक्षा और बचाव व्यवस्था के तहत एनडीआरएफ की टीम भी तैनात रहेगी, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल मदद उपलब्ध कराई जा सके।
15 नवंबर को अस्ताचलगामी और 16 नवंबर को उगते सूर्य को अर्घ्य
गौरतलब है कि 15 नवंबर को छठ महापर्व के अवसर पर व्रती महिलाएं अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य अर्पित करेंगी। इसके बाद 16 नवंबर की सुबह उगते सूर्य को अर्घ्य देकर चार दिवसीय महापर्व का समापन करेंगी। इस दौरान व्रती महिलाएं भगवान भास्कर से परिवार की सुख-समृद्धि, संतान की दीर्घायु और खुशहाली की कामना करेंगी। बरेका सूर्यसरोवर पर तैयारियां देखकर साफ है कि इस बार छठ महापर्व को लेकर श्रद्धा, सुरक्षा और भव्यता का विशेष संगम देखने को मिलेगा।
