यूपी से सस्ते दामों पर शराब खरीदकर ट्रेन के जरिए बिहार पहुंचाते थे तस्कर, 63 हजार रुपये से अधिक की शराब बरामद
वाराणसी। बिहार में पूर्ण शराबबंदी के बावजूद अवैध शराब की तस्करी का खेल लगातार जारी है। इसी कड़ी में रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ), क्राइम इंटेलिजेंस ब्रांच (सीआईबी) और राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) की संयुक्त टीम ने बनारस रेलवे स्टेशन पर बड़ी कार्रवाई करते हुए शराब तस्करी के नेटवर्क का खुलासा किया है। टीम ने भारी मात्रा में अवैध अंग्रेजी शराब के साथ बिहार के दो तस्करों को गिरफ्तार किया है।
आरपीएफ इंस्पेक्टर राजेश कुमार के मुताबिक, शनिवार दोपहर करीब तीन बजे संयुक्त टीम बनारस स्टेशन परिसर में संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखते हुए चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान प्लेटफार्म नंबर एक की तरफ स्थित कूड़ाघर के पास पाथवे पर दो व्यक्ति दो पिट्ठू बैग और दो झोलों के साथ संदिग्ध हालत में दिखाई दिए। टीम ने दोनों को रोककर तलाशी ली तो उनके बैग से अवैध अंग्रेजी शराब का जखीरा बरामद हुआ।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विवेक कुमार महतो निवासी सोनपुर मीना बाजार, थाना सोनपुर, जिला छपरा (बिहार) और अखिलेश कुमार निवासी बेलथान, बख्तियारपुर, जिला पटना (बिहार) के रूप में हुई है।
पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों ने बताया कि बिहार में पूर्ण शराबबंदी लागू होने के कारण वे उत्तर प्रदेश से कम कीमत पर अंग्रेजी शराब खरीदते थे और फिर ट्रेन के माध्यम से उसे बिहार ले जाकर तस्करी करते थे।
संयुक्त टीम ने आरोपियों के कब्जे से 180 मिलीलीटर के 485 पीस अंग्रेजी व्हिस्की फ्रूटी पैक बरामद किए हैं। बरामद शराब की अनुमानित कीमत 63,050 रुपये बताई गई है।
फिलहाल दोनों आरोपियों के खिलाफ जीआरपी कैंट में मुकदमा दर्ज कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है। रेलवे स्टेशन पर संयुक्त टीम की इस कार्रवाई से शराब तस्करी करने वालों में हड़कंप मचा हुआ है।
