अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य देने के बाद उदीयमान सूर्य की उपासना के साथ छठ महापर्व संपन्न, घाटों पर उमड़ा आस्था का सैलाब

वाराणसी। लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा पर रविवार को व्रती महिलाओं और पुरुषों ने पूरी श्रद्धा एवं भक्ति के साथ अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया। इस दौरान पिसौर स्थित वरुणा नदी के घाट पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। छठी मइया के पारंपरिक गीतों और जयकारों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया।

सुबह से ही घरों में छठ पूजा की तैयारियां शुरू हो गई थीं। शाम होते ही व्रती महिलाएं और पुरुष सिर पर पूजन सामग्री से भरे दउरा और सूप लेकर परिवार के सदस्यों के साथ घाटों की ओर रवाना हुए। घाटों पर पहुंचकर व्रतियों ने जल में खड़े होकर भगवान सूर्य की आराधना की और फल, फूल, ठेकुआ, नारियल सहित विभिन्न पूजन सामग्रियों से विधि-विधानपूर्वक अर्घ्य अर्पित किया।

इस दौरान महिलाओं ने छठी मइया के पारंपरिक गीत गाकर परिवार की सुख-समृद्धि, संतान की दीर्घायु और खुशहाली की कामना की। घाटों पर बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक में पर्व को लेकर खास उत्साह देखने को मिला। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पूजा समितियों और स्थानीय लोगों की ओर से प्रकाश, साफ-सफाई सहित अन्य व्यवस्थाएं की गई थीं।

सोमवार की सुबह व्रती महिलाओं और पुरुषों ने उदीयमान सूर्य को अर्घ्य अर्पित कर चार दिवसीय छठ महापर्व का विधि-विधान के साथ समापन किया। सुबह से ही घाटों पर श्रद्धालुओं की भीड़ जुटी रही। भगवान सूर्य और छठी मइया की आराधना के बाद व्रतियों ने पारण कर अपना व्रत पूरा किया। मान्यता है कि छठ महापर्व पर सूर्य देव और छठी मइया की आराधना करने से परिवार में सुख-शांति और समृद्धि आती है।

इस अवसर पर छठ पूजा समिति के अध्यक्ष जितेन्द्र सिंह, उपाध्यक्ष संजय यादव, पार्षद बलिराम कन्नौजिया, सुजीत श्रीवास्तव, भाजपा नेता दीपू सहित समिति के अन्य पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।

TOP

You cannot copy content of this page