
वाराणसी। कबीरचौरा स्थित राजकीय जिला महिला अस्पताल में इलाज कराने पहुंच रहीं महिलाओं के लिए पर्चा बनवाना मुश्किल होता जा रहा है। प्रसूताओं समेत अन्य बीमारियों से पीड़ित महिला मरीजों को अब बिना ओटीपी के अस्पताल में पर्चा नहीं मिल पा रहा है। नई व्यवस्था के चलते मरीजों और उनके परिजनों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
नई व्यवस्था के तहत मरीजों को सबसे पहले अपने मोबाइल से अस्पताल में लगाए गए बार कोड को स्कैन करना होगा। इसके बाद मोबाइल पर प्राप्त ओटीपी नंबर पर्चा काउंटर पर बताने के बाद ही पर्चा बनाया जाएगा। इससे पहले मरीजों का आधार नंबर लेकर आसानी से पर्चा बन जाता था। नई प्रक्रिया को लेकर मरीजों का कहना है कि इससे अनावश्यक समय बर्बाद हो रहा है और इलाज कराने में भी देरी हो रही है।
सूत्रों के मुताबिक, नई व्यवस्था के कारण प्रतिदिन दर्जनों महिला मरीजों को पर्चा बनवाने में दिक्कत हो रही है। कुछ मरीजों को बिना इलाज कराए ही अस्पताल से वापस लौटना पड़ रहा है।
इस संबंध में महिला अस्पताल की प्रमुख अधीक्षिका डॉ. मनीषा सिंह ने बताया कि यह तकनीक सामान्य मोबाइल फोन से भी इस्तेमाल की जा सकती है। मरीजों की सहायता के लिए अस्पताल में दो महिला कर्मचारियों की ड्यूटी भी लगाई गई है, जो पर्चा बनवाने में उनकी मदद कर रही हैं।
