
वाराणसी(काशीवार्ता)। लोक आस्था के महापर्व छठ के अंतिम दिन सोमवार को बरेका परिसर स्थित सूर्यसरोवर पर श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत नजारा देखने को मिला। चार दिवसीय छठ महापर्व के समापन पर व्रती महिलाओं ने उदीयमान सूर्य को अर्घ्य अर्पित कर 36 घंटे के कठिन निर्जला व्रत का पारण किया।
सोमवार की भोर करीब तीन बजे से ही सूर्यसरोवर पर व्रती महिलाओं और उनके परिजनों के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया था। हाथों में पूजन सामग्री और फल से सजे दउरा लेकर श्रद्धालु छठी मइया के पारंपरिक गीत गाते हुए घाट पर पहुंचे। पूरे परिसर में छठी मइया के गीतों और सूर्य देव की उपासना से भक्तिमय माहौल बना रहा।
व्रती महिलाओं ने विधि-विधान से छठी मइया की पूजा-अर्चना की और उगते सूर्य को अर्घ्य देकर परिवार की सुख-समृद्धि, संतान की दीर्घायु और खुशहाली की कामना की। सूर्य की पहली किरण के साथ ही अर्घ्य देने का सिलसिला शुरू हुआ।
इस दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर विशेष इंतजाम किए गए थे। सूर्यसरोवर परिसर में सुरक्षा व्यवस्था के साथ प्रशासनिक सतर्कता भी देखने को मिली। श्रद्धा, विश्वास और उल्लास के बीच छठ महापर्व का समापन हुआ।
