सोनभद्र में यातायात जागरूकता रैली, एसपी अभिषेक वर्मा ने हरी झंडी दिखाकर किया रवाना

सोनभद्र। यातायात माह नवंबर-2026 के तहत बुधवार को सोनभद्र पुलिस की ओर से रॉबर्ट्सगंज क्षेत्र के बढ़ौली चौराहे से यातायात जागरूकता रैली निकाली गई। पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने हरी झंडी दिखाकर रैली को रवाना किया। इस दौरान लोगों को यातायात नियमों के पालन और सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया।

रैली में अपर पुलिस अधीक्षक ऑपरेशन ऋषभ रुणवाल, क्षेत्राधिकारी यातायात सुधीर कुमार सिंह, यातायात प्रभारी समेत अन्य पुलिस अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। यातायात पुलिस, डायल-112 और मिशन शक्ति की टीम ने स्कूटी एवं मोटरसाइकिल के माध्यम से रैली में प्रतिभाग किया।

इस दौरान वाहन चालकों को दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट पहनने, चारपहिया वाहनों में सीट बेल्ट लगाने, निर्धारित गति सीमा का पालन करने और वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का इस्तेमाल नहीं करने की अपील की गई। साथ ही नशे की हालत में वाहन नहीं चलाने, गलत दिशा में वाहन चलाने से बचने और यातायात संकेतों का पालन करने के प्रति जागरूक किया गया।

पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने कहा कि यातायात नियमों का पालन सड़क दुर्घटनाओं को रोकने का महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने लोगों से स्वयं नियमों का पालन करने के साथ अपने परिवार और आसपास के लोगों को भी जागरूक करने की अपील की।

यातायात माह के दौरान सोनभद्र पुलिस की ओर से जिले के विभिन्न क्षेत्रों में जागरूकता अभियान चलाकर विद्यार्थियों, वाहन चालकों और आम नागरिकों को सड़क सुरक्षा का संदेश दिया जा रहा है। पुलिस ने लोगों से अपील की कि सुरक्षित वाहन चलाएं, हेलमेट और सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से प्रयोग करें तथा अपनी और दूसरों की जिंदगी सुरक्षित रखें।

TOP

You cannot copy content of this page