वाराणसी (काशीवार्ता)। काशी की विश्वप्रसिद्ध देव दीपावली इस बार सिर्फ 11 लाख दीपों की रोशनी से ही नहीं, बल्कि पुलिस के बदले हुए व्यवहार से भी खास बनने जा रही है। गंगा के घाटों पर उमड़ने वाली लाखों की भीड़ के बीच इस बार पुलिसकर्मी डंडे के बजाय विनम्रता और मुस्कान के साथ श्रद्धालुओं का स्वागत करते नजर आएंगे। किसी को डांटने या डराने के बजाय पुलिसकर्मी उनसे कहेंगे, ‘सर, मैडम बताइए, आपकी क्या सेवा कर सकता हूं?’
पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने मंडलायुक्त और जिलाधिकारी के साथ घाटों का निरीक्षण कर सुरक्षा और व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि देव दीपावली पर काशी आने वाला प्रत्येक श्रद्धालु और पर्यटक पुलिस के लिए अतिथि है। पुलिसकर्मी उनके साथ सम्मानजनक व्यवहार करें और उनकी समस्याओं का समाधान पूरी विनम्रता से करें। इसके लिए पुलिसकर्मियों को विशेष सॉफ्ट स्किल ट्रेनिंग भी दी गई है।
25 आईपीएस और 4000 से अधिक पुलिसकर्मियों के हवाले होगी सुरक्षा
इस बार देव दीपावली पर 10 से 15 लाख श्रद्धालुओं और पर्यटकों के आने का अनुमान है। इतनी बड़ी भीड़ को देखते हुए सुरक्षा का व्यापक खाका तैयार किया गया है। व्यवस्था संभालने के लिए 25 आईपीएस, 50 पीपीएस और 4000 से अधिक पुलिसकर्मियों की तैनाती होगी। सीआरपीएफ, पीएसी और क्यूआरटी भी मुस्तैद रहेंगी। घाटों को अलग-अलग जोन और सेक्टर में बांटकर सीसीटीवी कैमरों और ड्रोन के जरिए निगरानी की जाएगी।
गंगा में लापरवाही पड़ी भारी, इसलिए नावों पर सख्ती
गंगा में नावों की ओवरलोडिंग पर पूरी तरह रोक रहेगी। नावों पर लाइफ जैकेट अनिवार्य होगी। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए एनडीआरएफ, एसडीआरएफ और प्रशिक्षित गोताखोरों की तैनाती की जाएगी।
शहर में ट्रैफिक व्यवस्था का भी रहेगा खास इंतजाम
भीड़ और जाम से बचाने के लिए शहर में मालवाहक वाहनों के आवागमन पर रोक रहेगी। श्रद्धालुओं के वाहनों के लिए मल्टीलेवल पार्किंग और दालमंडी मार्ग की ओर नई पार्किंग व्यवस्था उपलब्ध कराई जाएगी।
11 लाख दीपों से जगमगाएगी काशी
देव दीपावली पर गंगा के घाटों पर 11 लाख दीप प्रज्वलित किए जाएंगे। इसके साथ लेजर शो, ड्रोन शो और भव्य गंगा आरती आकर्षण का केंद्र होंगे।
इस बार काशी में सुरक्षा का मतलब सिर्फ पहरा देना नहीं, बल्कि श्रद्धालुओं को सम्मान और अपनापन महसूस कराना भी होगा। अब देखना यह है कि दीपों की रोशनी के साथ पुलिस का यह बदला हुआ व्यवहार भी देश-दुनिया से आने वाले मेहमानों के दिलों में काशी की एक नई तस्वीर कितनी गहराई से उतार पाता है।
