सुंदरपुर में खूनी संघर्ष से मचा हड़कंप! दो युवकों को घेरकर हमला, 40 से अधिक हमलावरों पर मुकदमा

वाराणसी (काशीवार्ता)। भेलूपुर थाना क्षेत्र के सुंदरपुर छोटी पटिया में दो युवकों पर हुए हमले से इलाके में सनसनी फैल गई। रास्ते में घेराबंदी कर युवकों पर लाठी-डंडे, ईंट-पत्थर से हमला करने और तमंचा लहराने के आरोप में पुलिस ने चार नामजद समेत 40 से अधिक अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। हमले में एक युवक गंभीर रूप से घायल होकर बेहोश हो गया, जिसकी हालत चिंताजनक बनी हुई है।

जानकारी के अनुसार, चंदौली निवासी लक्ष्य सेठ अपने दोस्त रोशन चौधरी के साथ बड़े पिता से मुलाकात कर वापस लौट रहे थे। इसी दौरान सुंदरपुर छोटी पटिया के पास समीर मौर्य, कुलदीप मौर्य, रवि राजभर, विकास विश्वकर्मा समेत करीब 40 युवकों ने उन्हें घेर लिया। आरोप है कि पहले गाली-गलौज की गई, फिर तमंचा लहराते हुए लाठी-डंडों और ईंट-पत्थरों से हमला बोल दिया गया।

अचानक हुए हमले में रोशन चौधरी गंभीर रूप से घायल होकर बेहोश हो गया। उसे तत्काल बीएचयू ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत चिंताजनक बताई जा रही है।

मामले में पुलिस ने बलवा, जानलेवा हमला और आर्म्स एक्ट समेत संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही है। अब पुलिस जांच के बाद हमले में शामिल अन्य लोगों की पहचान करने में जुटी है।

TOP

You cannot copy content of this page