
गाजीपुर। माफिया मुख्तार अंसारी के करीबियों और IS-191 गैंग से जुड़े अपराधियों के खिलाफ गाजीपुर पुलिस का शिकंजा लगातार कसता जा रहा है। इसी कड़ी में कुख्यात शार्प शूटर अंगद राय उर्फ झूलन पर पुलिस ने अब तक की बड़ी कार्रवाई करते हुए उसकी पत्नी सरिता राय के नाम दर्ज करीब 7 करोड़ रुपये की अचल संपत्तियां कुर्क कर ली हैं। इस कार्रवाई से माफिया नेटवर्क में खलबली मच गई है।
पुलिस के मुताबिक, कुर्क की गई संपत्तियां संगठित अपराध से अर्जित धन से खरीदी गई थीं। जिलाधिकारी गाजीपुर के आदेश पर गैंगस्टर एक्ट की धारा 14(1) के तहत जब्तीकरण की कार्रवाई की गई। इसमें मौजा गिरधरिया और हैदरिया स्थित कुल तीन भू-संपत्तियां शामिल हैं। इन संपत्तियों में खरीदी गई जमीन के साथ वह जमीन भी शामिल है, जिसे दान के माध्यम से अंगद राय की पत्नी के नाम किया गया था।
अंगद राय का आपराधिक इतिहास भी काफी लंबा बताया गया है। उसके खिलाफ हत्या, हत्या के प्रयास, रंगदारी और गैंगस्टर एक्ट समेत करीब 25 मुकदमे दर्ज हैं।
18 नवंबर 2026 को कोतवाली प्रभारी दिनेश कुमार पाठक और तहसीलदार महेंद्र बहादुर सिंह के नेतृत्व में राजस्व टीम ने मौके पर पहुंचकर कुर्की की कार्रवाई पूरी की।
करीब 7 करोड़ की संपत्ति पर पुलिस की इस चोट ने एक बार फिर साफ कर दिया है कि संगठित अपराध से अर्जित संपत्तियां अब कार्रवाई के दायरे में हैं। मुख्तार अंसारी गैंग से जुड़े अपराधियों के खिलाफ गाजीपुर पुलिस का यह एक बड़ा एक्शन माना जा रहा है।
