दर्दनाक हादसा: खाद लेने निकले युवक की ट्रक की टक्कर से मौत, वाहन छोड़कर चालक फरार

गाजीपुर। जिले के सैदपुर क्षेत्र में मीरपुर के पास शनिवार सुबह तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आने से बाइक सवार 27 वर्षीय युवक की मौत हो गई। युवक कृषि कार्य के लिए खाद लेने सैदपुर बाजार जा रहा था। इसी दौरान सामने से आ रहे ट्रक ने उसकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद चालक ट्रक को मौके पर छोड़कर फरार हो गया। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई।

मीरपुर के पास ट्रक ने बाइक में मारी टक्कर

रामपुर मांझा थाना क्षेत्र के देवचंदपुर गांव निवासी बहादुर पाल (27) पुत्र चंद्रमा पाल शनिवार सुबह बाइक से सैदपुर बाजार खाद लेने जा रहा था। वह जैसे ही मीरपुर के पास पहुंचा, सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने उसकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बहादुर गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए और घायल को उपचार के लिए ले जाने का प्रयास किया, लेकिन उसकी मौत हो गई।

सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी।

ट्रक छोड़कर फरार हुआ चालक

हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन को सड़क पर छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेकर चालक की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस हादसे के कारणों की भी जांच कर रही है।

बहादुर तीन भाइयों—सुनील, बहादुर और सतीश—में दूसरे नंबर पर था। उसकी अभी शादी नहीं हुई थी। पिता चंद्रमा पाल खेती-किसानी करते हैं, जबकि मां आशा देवी गृहिणी हैं। बेटे की मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम पसर गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

TOP

You cannot copy content of this page