जौनपुर। जिले के बक्सा थाना क्षेत्र में बुधवार को एक हृदयविदारक और रहस्यमयी घटना सामने आई। कॉलेज जाने के लिए घर से निकली 17 वर्षीय छात्रा श्वेता प्रजापति का शव सई नदी से बरामद होने के बाद पूरे इलाके में शोक और सनसनी का माहौल है। पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है।
जानकारी के अनुसार, डीहजहानियाँ गांव निवासी श्वेता प्रजापति बुधवार सुबह रोज की तरह साइकिल से कॉलेज जाने के लिए घर से निकली थी। काफी देर तक घर वापस न लौटने पर परिजनों को चिंता हुई। इसी बीच बरगुदर पुल पर उसकी साइकिल और चप्पल लावारिस हालत में पड़े होने की सूचना मिली। यह खबर फैलते ही मौके पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई।
सूचना मिलते ही बक्सा थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और सई नदी में गोताखोरों की मदद से खोज अभियान शुरू कराया। घंटों की मशक्कत के बाद गोताखोरों ने नदी से छात्रा का शव बरामद कर लिया। शव मिलने की सूचना मिलते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया और पूरे गांव में मातम छा गया।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि छात्रा की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका स्पष्ट कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने और जांच पूरी होने के बाद ही सामने आ सकेगा।
फिलहाल पुलिस आत्महत्या, दुर्घटना और अन्य संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की गहन जांच कर रही है। वहीं, इस दर्दनाक घटना से क्षेत्र के लोग स्तब्ध हैं और हर कोई छात्रा की मौत के पीछे की सच्चाई जानने का इंतजार कर रहा है।
