तेज रफ्तार डंपर बना काल, बाइक सवार ने मौके पर तोड़ा दम

सिद्धार्थनगर । जिले के डुमरियागंज थाना क्षेत्र में शुक्रवार सुबह एक सड़क हादसे में बाइक सवार व्यक्ति की मौत हो गई। शाहपुर-सिंगारजोत मार्ग पर हिजुरा गांव के पास करीब आठ बजे एक तेज रफ्तार अनियंत्रित डंपर ने सामने से आ रही बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद डंपर चालक वाहन लेकर फरार हो गया।

जानकारी के मुताबिक, मृतक की पहचान राम गुलाम मिश्र (42) पुत्र त्रिजुगीनारायण निवासी मलमलिया, थाना कोतवाली उतरौला, जनपद बलरामपुर के रूप में हुई है। वह त्रिलोकपुर थाना क्षेत्र के गोपिया गांव में नेवासा पर अपनी पत्नी और दो बेटों के साथ रहते थे।

बताया जा रहा है कि शुक्रवार सुबह राम गुलाम मिश्र अपने निजी काम से सुपर स्प्लेंडर बाइक से मन्नीजोत चौराहे गए थे। वहां से वापस लौटते समय जैसे ही वह शाहपुर-सिंगारजोत मार्ग पर हिजुरा गांव के पास पहुंचे, तभी सामने से आ रहे बेकाबू डंपर ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही डुमरियागंज पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मृतक के परिजनों की तहरीर के आधार पर अज्ञात डंपर चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

प्रभारी निरीक्षक डुमरियागंज श्रीप्रकाश यादव ने बताया कि मामले में अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।

मृतक अपने पीछे पत्नी रेखा देवी और दो बेटों अजय कुमार मिश्र (21) तथा शिवा कुमार मिश्र (11) को छोड़ गए हैं। हादसे के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

TOP

You cannot copy content of this page