लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सपा मुखिया अखिलेश यादव पर तंज कसते हुए कहा कि कुछ लोग जीवनभर बचपना नहीं छोड़ पाते। उन्होंने कहा कि पिछली सरकार में नेतृत्व की प्राथमिकताएं प्रदेश के विकास से अलग थीं।
राष्ट्रीय हथकरघा दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि जब कोई सरकार प्रदेश के विकास को केंद्र में रखकर काम करती है तो उसका लाभ समाज के हर वर्ग तक पहुंचता है। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य प्रदेश की विरासत, हुनर और मेहनत करने वाले लोगों को सम्मान और अवसर उपलब्ध कराना है।
अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए सीएम योगी ने कहा कि “बबुआ” का दिनचर्या भी अलग थी। उन्होंने आरोप लगाया कि पहले की सरकार में प्रदेश के मुद्दों और जनता की समस्याओं पर ध्यान देने के लिए समय नहीं था। उन्होंने कानून व्यवस्था को लेकर भी सपा सरकार पर हमला बोला और कहा कि उस दौर में महिलाओं की सुरक्षा को लेकर गंभीर चुनौतियां थीं।
इससे पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर राष्ट्रीय हथकरघा दिवस के अवसर पर प्रदेश के बुनकरों और हथकरघा परंपरा को नमन किया। उन्होंने लिखा कि यह दिन उत्तर प्रदेश की समृद्ध विरासत और कर्मठ बुनकरों की प्रतिभा को सम्मान देने का अवसर है।
लखनऊ में आयोजित समारोह में मुख्यमंत्री उत्कृष्ट बुनकरों को ‘संत कबीर राज्य स्तरीय हथकरघा पुरस्कार’ प्रदान करेंगे। इसके साथ ही ‘मुख्यमंत्री हैंडलूम एवं पावरलूम उद्योग विकास योजना’ और ‘झलकारी बाई कोरी हथकरघा एवं पावरलूम विकास योजना’ के लाभार्थियों को सहायता राशि के चेक भी वितरित किए जाएंगे।
मुख्यमंत्री ने बताया कि इसके बाद अंबेडकरनगर जिले के सर्वांगीण विकास के लिए 706 करोड़ रुपये से अधिक लागत वाली 194 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया जाएगा। साथ ही विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों को स्वीकृति पत्र, प्रमाण पत्र और चेक वितरित किए जाएंगे।
उन्होंने कहा कि डबल इंजन सरकार हुनरमंद हाथों को आधुनिक संसाधन, बेहतर बाजार और सम्मान उपलब्ध कराकर आत्मनिर्भर उत्तर प्रदेश के निर्माण के लिए प्रतिबद्ध है।
