रॉबर्ट्सगंज में बनेगा आधुनिक वेंडर जोन, सड़क किनारे अतिक्रमण और अव्यवस्थित वेंडिंग से मिलेगी राहत

सोनभद्र। रॉबर्ट्सगंज नगर क्षेत्र में सड़क किनारे और सार्वजनिक स्थानों पर अव्यवस्थित रूप से लगने वाले ठेले, पटरी दुकानों और स्ट्रीट वेंडरों की समस्या के स्थायी समाधान की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। नॉर्दर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एनसीएल) ने अपनी कॉर्पोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी (सीएसआर) योजना के तहत ओवरब्रिज के नीचे आधुनिक वेंडर जोन विकसित करने की परियोजना को मंजूरी दी है।

इस परियोजना के लिए 89.59 लाख रुपये की धनराशि स्वीकृत की गई है। परियोजना के पूरा होने के बाद स्ट्रीट वेंडरों को सुरक्षित, व्यवस्थित और निर्धारित स्थान पर व्यवसाय करने की सुविधा मिलेगी। इससे उनकी आजीविका को स्थायित्व मिलेगा और नगर की यातायात व्यवस्था, पैदल आवागमन, स्वच्छता तथा सौंदर्यीकरण में भी उल्लेखनीय सुधार होगा।

जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने बताया कि प्रदेश सरकार की विकासपरक नीतियों के अनुरूप जनसुविधाओं के विस्तार और नगर क्षेत्रों को सुव्यवस्थित बनाने के लिए लगातार कार्य किए जा रहे हैं। एनसीएल की सीएसआर निधि से प्रस्तावित यह वेंडर जोन रॉबर्ट्सगंज को अधिक सुविधायुक्त और व्यवस्थित बनाने के साथ-साथ स्ट्रीट वेंडरों को सम्मानजनक एवं सुरक्षित रोजगार उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल साबित होगा।

परियोजना का क्रियान्वयन एनसीएल मुख्यालय के सीएसआर विभाग और जिला प्रशासन, सोनभद्र के बीच एमओयू के माध्यम से किया जाएगा। स्वीकृत धनराशि निर्धारित प्रक्रिया के तहत चरणबद्ध तरीके से जारी की जाएगी। कार्य की प्रगति, उपयोगिता प्रमाण-पत्र, पूर्णता प्रमाण-पत्र और जियो-टैग्ड फोटोग्राफ सहित सभी आवश्यक अभिलेख समय-समय पर प्रस्तुत किए जाएंगे।

एनसीएल ने राजाराम यादव, उप प्रबंधक (सीडी) को परियोजना प्रबंधक नियुक्त किया है। इस महत्वाकांक्षी परियोजना को मार्च 2027 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।

इस पहल से रॉबर्ट्सगंज में स्ट्रीट वेंडरों को व्यवस्थित स्थान मिलने के साथ-साथ सड़क किनारे अतिक्रमण में कमी आएगी, यातायात सुचारु होगा, सार्वजनिक स्थान अधिक स्वच्छ और आकर्षक बनेंगे तथा विकसित एवं सुव्यवस्थित सोनभद्र के लक्ष्य को नई मजबूती मिलेगी।

TOP

You cannot copy content of this page