कासगंज । ढोलना क्षेत्र में ननिहाल में रहकर पढ़ाई कर रहे 13 वर्षीय कक्षा आठ के छात्र ने कमरे में फंदा लगाकर जान दे दी। मां ने बेहतर पढ़ाई के लिए करीब तीन महीने पहले उसे ननिहाल भेजा था। घटना से परिवार में कोहराम मच गया है और पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
मृतक हिमांशु पुत्र स्वर्गीय शैलेन्द्र (13) एटा जिले के थाना जैथरा क्षेत्र स्थित गांव परौली का निवासी था। वह राणा इंटर कॉलेज में कक्षा 8वीं का छात्र था। हिमांशु अपनी पढ़ाई बेहतर ढंग से करने के लिए करीब 3 महीने पहले ही अपने ननिहाल ढोलना थाना क्षेत्र के गांव नगला नारायन में नाना रामसिंह पुत्र हुलासी के घर आया हुआ था।
बृहस्पतिवार रात घर की दूसरी मंजिल पर बने कमरे में हिमांशु ने फंदा लगाकर जान दे दी। घटना का खुलासा तब हुआ जब नाना के छोटे भाई के नाती शिवा ने उसको फंदे पर लटका देखा। शिवा के शोर मचाने पर आनन-फानन में परिजन मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
परिजन ने तुरंत घटना की सूचना थाना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंच गई। घटनास्थल का निरीक्षण किया और साक्ष्य जुटाए। इसके बाद पुलिस ने शव को फंदे से नीचे उतारकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
