प्यार, शादी और संपत्ति का लालच बना मौत का जाल! 22 साल की श्रेया की बंद कमरे में बेरहमी से हत्या, पुलिस की भूमिका पर भी उठे सवाल

तीन घंटे तक बंद कमरे में जिंदगी और मौत से जूझती रही श्रेया, हाथों में मिले आरोपी के बाल और शरीर पर संघर्ष के निशान

वाराणसी। रोहनिया क्षेत्र की 22 वर्षीय एमसी छात्रा श्रेया उपाध्याय की हत्या ने पूरे इलाके को झकझोर दिया है। प्रेम संबंध, दूसरी जगह तय हुई शादी और संपत्ति के विवाद के बीच श्रेया की जिंदगी का दर्दनाक अंत हो गया। आरोप है कि प्रेमी विवेक चौबे ने सुनियोजित तरीके से उसे बछांव गांव स्थित एक कमरे में बुलाया और बेरहमी से उसकी हत्या कर दी। घटना के बाद से आरोपी फरार है।

फोन कर बुलाया, फिर बंद कमरे में शुरू हुआ खूनी खेल

बताया जा रहा है कि 19 अगस्त की दोपहर विवेक चौबे ने श्रेया को फोन कर बछांव स्थित कमरे में बुलाया था। कमरे के अंदर दोनों के बीच विवाद हुआ। वजह श्रेया की शादी कहीं और तय होना और संपत्ति को लेकर आरोपी का दबाव बताया जा रहा है।

आरोप है कि विवाद बढ़ने पर विवेक ने पहले तकिये से श्रेया का मुंह दबाकर उसे बेहोश करने की कोशिश की। इसके बाद रसोई से दो चाकू लाकर उस पर हमला कर दिया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में शरीर पर खरोंच और संघर्ष के निशान मिले हैं।

आखिरी सांस तक लड़ी श्रेया, हाथों में मिले आरोपी के बाल

श्रेया ने खुद को बचाने के लिए आखिरी दम तक संघर्ष किया। पोस्टमार्टम के दौरान उसके हाथों में आरोपी के बाल मिलने की बात सामने आई है। शरीर पर मिले गहरे नाखून और खरोंच के निशान भी संघर्ष की ओर इशारा करते हैं।

मां का आरोप: लोकेशन देने के बाद भी तीन बार लौटी पुलिस

इस मामले में राजातालाब पुलिस की कार्यशैली पर भी गंभीर सवाल खड़े हुए हैं। मृतका की मां रीता उपाध्याय का आरोप है कि बेटी के लापता होने के बाद उन्होंने पुलिस को उसकी मोबाइल लोकेशन उपलब्ध कराई थी। उनका कहना है कि पुलिस तीन बार मौके पर पहुंची, लेकिन दरवाजा बंद देखकर वापस लौट गई।

मां का आरोप है कि अगर पुलिस ने समय रहते दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया होता तो शायद श्रेया की जान बच सकती थी। हालांकि पुलिस की ओर से इस आरोप पर आधिकारिक स्थिति स्पष्ट होना अभी बाकी है।

इकलौती बेटी को पिता ने दी मुखाग्नि

बेटी की हत्या की खबर से परिवार में कोहराम मच गया। मिर्जापुर के अदलपुरा घाट पर जब पिता ने अपनी इकलौती बेटी को मुखाग्नि दी तो माहौल गमगीन हो गया। परिजनों के साथ पूरा गांव इस दर्दनाक घटना से स्तब्ध नजर आया।

चार टीमें आरोपी की तलाश में जुटीं

घटना के बाद से आरोपी विवेक चौबे फरार है। उसकी गिरफ्तारी के लिए एसओजी समेत पुलिस की चार टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। पुलिस जल्द आरोपी को गिरफ्तार कर घटना का पूरा खुलासा करने का दावा कर रही है।

फिलहाल इस हत्याकांड में सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या प्रेम, शादी और संपत्ति के विवाद में श्रेया की हत्या की गई, और क्या समय रहते पुलिस कार्रवाई होती तो 22 साल की इस युवती की जान बचाई जा सकती थी? इन सवालों के जवाब आरोपी की गिरफ्तारी और पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही सामने आएंगे।

TOP

You cannot copy content of this page