सिगरा हत्याकांड का सनसनीखेज खुलासा: शराब पार्टी में दोस्ती बनी दुश्मनी, गला रेतकर ईशु की हत्या

कहासुनी के बाद तीन दोस्तों ने मिलकर उतारा मौत के घाट, रेलवे ट्रैक किनारे दफनाया शव; पुलिस ने तीनों आरोपियों को दबोचा

वाराणसी। सिगरा थाना क्षेत्र में ईशु कनौजिया की हत्या के मामले का पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है। पुलिस के मुताबिक, शराब पार्टी के दौरान हुई कहासुनी के बाद दोस्तों ने ही ईशु की हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपियों ने शव को ठिकाने लगाने के लिए रेलवे ट्रैक के किनारे दफना दिया। मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस के अनुसार, ईशु कनौजिया के लापता होने की शिकायत दर्ज होने के बाद उसकी तलाश के लिए तत्काल पुलिस टीम गठित की गई थी। टीम ने टेक्निकल सर्विलांस और मुखबिर तंत्र की मदद से संदिग्धों तक पहुंच बनाई। इसके बाद पुलिस ने रामकिशन, प्रदीप और रोहित को हिरासत में लेकर पूछताछ की।

पूछताछ में सामने आया कि कुछ दिन पहले तीनों आरोपी ईशु के साथ बैठकर शराब पी रहे थे। इसी दौरान ईशु और प्रदीप के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। विवाद इतना बढ़ गया कि प्रदीप ने अपने दोनों साथियों की मदद से ईशु पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। गले पर किए गए वार से ईशु की मौत हो गई।

हत्या के बाद तीनों आरोपियों ने मिलकर शव को ठिकाने लगाने की योजना बनाई। इसके तहत शव को रेलवे ट्रैक के किनारे ले जाकर दफना दिया गया, ताकि किसी को घटना की भनक न लगे।

एडीसीपी काशी वैभव बांगर ने वीडियो बयान में बताया कि पुलिस ने तीनों मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। उनकी निशानदेही पर शव बरामद कर घटनास्थल का मौका मुआयना किया गया है। पुलिस ने परिजनों से संपर्क कर तहरीर प्राप्त करने की कार्रवाई शुरू कर दी है। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

दोस्ती की महफिल में शुरू हुआ विवाद, कुछ ही देर में बन गया खूनी खेल

पुलिस के खुलासे के बाद यह मामला इसलिए भी चौंकाने वाला है क्योंकि जिस युवक की हत्या हुई, उसके साथ आरोपी दोस्त ही शराब पार्टी में मौजूद थे। मामूली कहासुनी ने ऐसा रूप लिया कि देखते ही देखते एक युवक की जान चली गई और तीन दोस्त हत्या के आरोपी बन गए।

TOP

You cannot copy content of this page