शेयर बाजार में डूबे पैसे तो जिंदगी खत्म करने राजघाट पुल पर चढ़ा युवक, पुलिस ने ऐन वक्त पर बचाया

रांची से वाराणसी पहुंचकर बनाया आत्महत्या का वीडियो, परिजनों को भेजा संदेश; सूजाबाद पुलिस की तत्परता से टली अनहोनी

वाराणसी। शेयर मार्केट में ट्रेडिंग के दौरान हुए भारी नुकसान से आहत करीब 35 वर्षीय युवक जिंदगी खत्म करने के इरादे से राजघाट रेलवे पुल पर जा पहुंचा। युवक ने पुल पर चढ़ने के बाद आत्महत्या का वीडियो बनाकर अपने परिजनों को भेज दिया। वीडियो मिलते ही परिजनों में हड़कंप मच गया और पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही रामनगर थाना पुलिस सक्रिय हुई और समय रहते युवक को सकुशल बचा लिया।

पुलिस के अनुसार, 21 अगस्त 2026 को चौकी प्रभारी सूजाबाद को सूचना मिली कि झारखंड के रांची निवासी चंदन कुमार शेयर मार्केट में ट्रेडिंग से हुए नुकसान के कारण बेहद परेशान है और राजघाट रेलवे पुल पर पहुंचकर आत्महत्या का प्रयास कर रहा है। युवक द्वारा बनाए गए वीडियो को उसके परिजनों ने देखा था, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।

सूचना मिलते ही चौकी प्रभारी सूजाबाद उपनिरीक्षक प्रशान्त पाण्डेय पुलिस टीम के साथ राजघाट रेलवे पुल पर पहुंचे और युवक की तलाश शुरू की। काफी प्रयास के बाद पुलिस टीम ने पुल पर मौजूद चंदन कुमार को देखा। पुलिसकर्मियों ने सूझबूझ और धैर्य का परिचय देते हुए युवक से बातचीत शुरू की और उसे समझा-बुझाकर सुरक्षित नीचे उतार लिया।

इसके बाद युवक को सूजाबाद चौकी लाया गया, जहां पुलिस ने उसकी काउंसलिंग की। बाद में परिजनों को बुलाकर चंदन कुमार को सकुशल उनकी सुपुर्दगी में दे दिया गया।

पुलिस की तत्परता से एक परिवार का सदस्य सुरक्षित बच गया। युवक कुसुम विहार, मोराबादी, रांची, झारखंड का निवासी बताया गया है।

बचाव अभियान में शामिल पुलिस टीम

प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार मिश्र, उपनिरीक्षक प्रशान्त पाण्डेय, उपनिरीक्षक वीरेन्द्र कुमार मौर्या, उपनिरीक्षक हरेन्द्र सिंह, आरक्षी धनन्जय और आरक्षी सदानन्द चौरसिया ने अभियान में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

TOP

You cannot copy content of this page