प्रयागराज । लगातार हो रही बारिश का असर अब गंगा और यमुना के जलस्तर पर दिखाई देने लगा है। बीते 24 घंटे में दोनों प्रमुख नदियों के जलस्तर में बढ़ोतरी दर्ज की गई है। हालांकि, राहत की बात यह है कि गंगा और यमुना अभी भी खतरे के निशान से काफी नीचे बह रही हैं और जिले के सभी तटबंध सुरक्षित हैं।
सिंचाई विभाग के आंकड़ों के अनुसार, शुक्रवार सुबह आठ बजे नैनी में यमुना का जलस्तर 75.56 मीटर दर्ज किया गया। इसमें पिछले 24 घंटे के दौरान 34 सेंटीमीटर की वृद्धि हुई है। वहीं, फाफामऊ में गंगा का जलस्तर 78.83 मीटर रिकॉर्ड किया गया, जो 24 घंटे में 23 सेंटीमीटर बढ़ा है। छतनाग में गंगा का जलस्तर 75.23 मीटर दर्ज हुआ, जिसमें 31 सेंटीमीटर की बढ़ोतरी हुई है।
बारिश के आंकड़ों के मुताबिक नैनी में 19 मिमी, फाफामऊ में 38.8 मिमी और छतनाग में 34.6 मिमी वर्षा दर्ज की गई। गंगा और यमुना के लिए खतरे का निशान 84.734 मीटर निर्धारित है।
विभागीय अधिकारियों ने बताया कि फिलहाल स्थिति सामान्य है। सभी तटबंध सुरक्षित हैं और नदियों के जलस्तर पर लगातार नजर रखी जा रही है।
