
मीरजापुर। अपराधियों और गो-तस्करी में संलिप्त आरोपियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत लालगंज पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने ₹25 हजार के इनामी वांछित गो-तस्कर को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। जवाबी फायरिंग में आरोपी के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे उपचार के लिए सदर अस्पताल भेजा गया। चिकित्सकों के अनुसार उसकी हालत सामान्य है।
पुलिस के मुताबिक, 19 अगस्त 2026 को थाना लालगंज पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि ₹25 हजार का वांछित गो-तस्कर मोटरसाइकिल से नैड़ी कठारी से गड़बड़ा धाम रोड की ओर जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने पुलिया के पास घेराबंदी कर संदिग्ध को रोकने का प्रयास किया।
पुलिस का दावा है कि गिरफ्तारी से बचने के लिए आरोपी ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी और भागने लगा। आत्मरक्षा में पुलिस टीम ने सीमित जवाबी फायरिंग की, जिसमें आरोपी के पैर में गोली लग गई। घायल होकर गिरने के बाद पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया।
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम गुफरान पुत्र ईशा, निवासी घुर्माबाद, जनपद रोहतास, बिहार, उम्र करीब 27 वर्ष बताया। पुलिस ने उसकी तलाशी में .315 बोर का एक देशी तमंचा, दो जिंदा कारतूस और एक खोखा कारतूस, ₹37,500 नकद तथा बिना नंबर प्लेट की हीरो स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल बरामद की।
पुलिस के अनुसार पूछताछ में गुफरान ने बताया कि वह मूल रूप से गोपीगंज, भदोही का रहने वाला है और वर्तमान में रोहतास, बिहार में रहता है। वह प्रयागराज और मध्य प्रदेश बॉर्डर से कम कीमत पर गोवंश खरीदकर बिहार में अधिक दाम पर बेचने का काम करता है।
आरोपी के खिलाफ लालगंज, जिगना और विंध्याचल थानों में गोवध निवारण अधिनियम और पशु क्रूरता अधिनियम से संबंधित तीन मुकदमे दर्ज हैं। मुठभेड़ के संबंध में लालगंज थाने में मु0अ0सं0-314/2026, धारा 109(1) बीएनएस और 3/25/27 शस्त्र अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक ऑपरेशन और क्षेत्राधिकारी लालगंज के नेतृत्व में की गई। टीम में लालगंज थाना प्रभारी निरीक्षक वेद प्रकाश पाण्डेय, चौकी प्रभारी बेलन बरौधा नरेन्द्र सिंह समेत पुलिसकर्मी शामिल रहे।
