श्रेया हत्याकांड में सनसनीखेज खुलासा: मौत का टब पहले से तैयार, 8 लाख के गोल्ड लोन से 22 लाख की सुपारी तक गहराता राज!

वाराणसी। (काशीवार्ता) राजातालाब की एमसी छात्रा श्रेया उपाध्याय हत्याकांड की जांच जैसे-जैसे आगे बढ़ रही है, वारदात की भयावह तस्वीर सामने आती जा रही है। पुलिस जांच में हत्या के प्री-प्लान होने के संकेत मिले हैं। बच्छांव पश्चिमपुरा स्थित जिस किराए के कमरे में श्रेया की हत्या की गई, वहां बाथरूम में पानी से भरा टब पहले से तैयार मिला था। इससे आशंका और गहरा गई है कि हत्या अचानक हुए विवाद का परिणाम नहीं, बल्कि पहले से रची गई साजिश थी।

तीन स्टेप में दिया मौत को अंजाम!

पूछताछ में सामने आई जानकारी के मुताबिक, श्रेया पर पहले चाकू से पेट में वार किया गया। इसके बाद उसे पहले से पानी से भरे टब में डुबोकर सांस रोकने की कोशिश की गई और अंत में गला रेतने की बात सामने आ रही है। कथित तौर पर पूरी वारदात कुछ ही मिनटों में अंजाम दी गई।

8 लाख के गोल्ड लोन ने बढ़ाया रहस्य

हत्याकांड में अब आर्थिक एंगल भी जांच के केंद्र में है। सूत्रों के मुताबिक, मुख्य आरोपी विवेक चौबे ने वारदात से कुछ दिन पहले करीब 8 लाख रुपये का गोल्ड लोन लिया था। जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि गोल्ड लोन के लिए गिरवी रखा गया सोना कहां से आया। परिवार की ओर से सोने से संबंध होने से इनकार किए जाने के बाद यह सवाल और महत्वपूर्ण हो गया है।

22 लाख की सुपारी, 3 लाख एडवांस का दावा

जांच से जुड़े सूत्रों के अनुसार सह-आरोपी पुनीत मिश्रा के खाते में करीब ढाई से तीन लाख रुपये ट्रांसफर किए जाने की बात भी सामने आई है। साथ ही करीब 22 लाख रुपये की सुपारी दिए जाने का दावा जांच में सामने आ रहा है। हालांकि इन आर्थिक आरोपों की आधिकारिक पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगी।

संपत्ति के लालच का भी एंगल

श्रेया के परिजनों ने आरोप लगाया है कि उसकी हत्या के पीछे संपत्ति का लालच हो सकता है। परिवार का दावा है कि पूरे घटनाक्रम में आर्थिक हित जुड़े हुए हैं और इसी दिशा में भी जांच होनी चाहिए।

9 दिन बाद भी मुख्य आरोपी फरार

18 अगस्त को हुई वारदात के बाद अब नौ दिन बीत चुके हैं, लेकिन मुख्य आरोपी विवेक चौबे के फरार होने का दावा किया जा रहा है। परिवार ने पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया है कि शव की तलाश से लेकर हत्याकांड का खुलासा कराने तक उन्हें खुद लगातार दौड़भाग करनी पड़ी।

फिलहाल इस मामले में प्री-प्लान मर्डर, गोल्ड लोन, कथित सुपारी और संपत्ति विवाद जैसे कई सवाल जांच के घेरे में हैं। सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या श्रेया की हत्या के पीछे कोई बड़ी साजिश थी और इस साजिश का मास्टरमाइंड कौन है? पुलिस की जांच और मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी के बाद ही इस रहस्य से पूरी तरह पर्दा उठ सकेगा।

TOP

You cannot copy content of this page