
वाराणसी। आगामी नवरात्रि एवं दुर्गा पूजा को लेकर मंडुवाडीह पुलिस ने रविवार को बरेका पुलिस चौकी परिसर में क्षेत्र की सभी दुर्गा पूजा समितियों के पदाधिकारियों के साथ बैठक की। इस दौरान पुलिस ने पूजा पंडालों, मूर्ति स्थापना, भीड़ प्रबंधन और सुरक्षा व्यवस्था से जुड़ी जानकारी ली।

मंडुवाडीह वार्ड के पार्षद राजेश कन्नौजिया ने मूर्ति स्थापना के बाद किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए चांदपुर चौराहे के पास फायर ब्रिगेड की गाड़ी तैनात किए जाने का सुझाव दिया। वहीं, बरेका विजयादशमी समिति के महामंत्री अनूप सिंह वत्स ने दशमी के दिन आयोजित होने वाले रूपक और रावण दहन कार्यक्रम की जानकारी पुलिस अधिकारियों को दी।
बैठक में अन्य पूजा समितियों के पदाधिकारियों ने भी अपनी समस्याएं और सुझाव पुलिस के सामने रखे। मंडुवाडीह बाजार स्थित आदर्श स्पोर्टिंग क्लब के पदाधिकारियों ने सप्तमी से दशमी तक मंडुवाडीह आरओबी के नीचे आयोजित होने वाली पूजा के दौरान बाइक और चारपहिया वाहनों के आवागमन पर रोक लगाने की मांग की, ताकि किसी प्रकार की दुर्घटना न हो।
बैठक में क्षेत्र के संभ्रांत नागरिकों के अलावा बरेका चौकी प्रभारी विशाल सिंह, मड़ौली चौकी प्रभारी रामकुमार पांडेय, कस्बा चौकी प्रभारी योगेंद्र कुमार, लहरतारा चौकी प्रभारी प्रवीण सचान, मंडुवाडीह थाने के सेकेंड ऑफिसर आरके यादव समेत अन्य पुलिसकर्मी मौजूद रहे।
