
वाराणसी। मंडुवाडीह थाना क्षेत्र में शादी से पहले स्वास्थ्य संबंधी अहम जानकारी छिपाने का आरोप लगाते हुए एक युवती ने अपने ससुराल पक्ष के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। युवती का आरोप है कि वर्ष 2024 में उसकी शादी एक ऐसे युवक से कराई गई, जिसके एचआईवी संक्रमित होने की जानकारी परिवार ने शादी से पहले छिपाई।
जानकारी के अनुसार, मंडुवाडीह निवासी युवती की शादी 2 फरवरी 2024 को मऊ जनपद के धौरहरा भातकोल बाजार, मोहम्मदाबाद क्षेत्र निवासी युवक से हुई थी। शादी के कुछ महीनों बाद युवक की तबीयत लगातार खराब रहने लगी। उपचार के दौरान डॉक्टरों को एचआईवी संक्रमण की आशंका हुई। जांच में संक्रमण की पुष्टि होने के बाद युवती और उसके मायके वालों को मामले की जानकारी हुई।
युवती के परिवार का आरोप है कि शादी से पहले उन्होंने लड़के के घर-परिवार की पूरी जानकारी जुटाई और कुंडली तक मिलाई, लेकिन युवक की एचआईवी जांच नहीं कराई गई। बीमारी की जानकारी सामने आने के बाद युवती के परिवार ने रिश्ता खत्म करने का फैसला लिया। आरोप है कि इस फैसले के बाद ससुराल पक्ष के लोगों ने युवती के साथ मारपीट और उत्पीड़न किया।
मामले में युवती ने मंडुवाडीह थाने में ससुराल पक्ष के खिलाफ तहरीर दी, जिसके आधार पर पुलिस ने विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। युवती का कहना है कि इस घटना के बाद वह अपनी सेहत को लेकर मानसिक तनाव और अवसाद से गुजर रही है। उसने अपनी स्वास्थ्य जांच कराने का फैसला तो किया है, लेकिन अभी तक हिम्मत नहीं जुटा पाई है।
