उन्नाव। गंगाघाट कोतवाली पुलिस ने चोरी की बड़ी वारदात का खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से करीब 20 लाख रुपये कीमत के सोने-चांदी के आभूषण और 2.50 लाख रुपये नकद बरामद किए हैं। आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।
मामला गंगाघाट कोतवाली क्षेत्र के कर्मी बिजलामऊ गांव का है। यहां रहने वाले जितेंद्र कुमार के घर में 2 अक्टूबर की रात लाखों रुपये की चोरी हुई थी। घटना के बाद पीड़ित ने पुलिस को तहरीर दी थी। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर जांच शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस आरोपी तक पहुंची और 19 वर्षीय हरीश त्रिवेदी को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से करीब 20 लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवर और ढाई लाख रुपये नकद बरामद हुए।
गंगाघाट पुलिस ने बरामदगी के साथ चोरी की घटना का खुलासा कर दिया है। पूछताछ और आवश्यक कार्रवाई के बाद आरोपी हरीश त्रिवेदी को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया।
