वाराणसी। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री, असम के मुख्यमंत्री और भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष के वाराणसी आगमन, भ्रमण और प्रस्थान को देखते हुए शहर की यातायात व्यवस्था में बड़ा बदलाव किया गया है। वीवीआईपी मूवमेंट के दौरान जाम और सुरक्षा संबंधी दिक्कतों से बचने के लिए यातायात पुलिस ने 15 प्रमुख स्थानों पर वाहनों की रोक और डायवर्जन की व्यवस्था लागू करने की घोषणा की है।
यातायात पुलिस ने लोगों से अपील की है कि कार्यक्रम के दौरान बेहद जरूरी होने पर ही वाहन लेकर निकलें और अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए अतिरिक्त समय लेकर चलें। खास तौर पर बस, ऑटो, ई-रिक्शा, चार पहिया और मालवाहक वाहनों के रूट में बदलाव किया गया है।
हरहुआ से लेकर शहर के प्रमुख चौराहों तक बदलेगा रूट
सुबह 11 बजे से कार्यक्रम समाप्त होने तक बाबतपुर की ओर से आने वाली रोडवेज और निजी बसों को हरहुआ ओवरब्रिज पर नहीं जाने दिया जाएगा। इन्हें हरहुआ रिंग रोड चौराहा से परमपुर की ओर डायवर्ट किया जाएगा। वहीं जौनपुर, गाजीपुर और आजमगढ़ की ओर से आने वाली बसों को हरहुआ रिंग रोड अंडरपास चौराहे तक ही आने दिया जाएगा। यहां से बसें परमपुर, लोहता और चांदपुर चौराहे की ओर जाएंगी।
मोहनसराय अंडरपास की ओर से आने वाले चार पहिया और बड़े वाहनों को जगतपुर डिग्री कॉलेज की ओर जाने से रोका जाएगा। इन्हें अखरी और रखौना की ओर भेजा जाएगा। चांदपुर चौराहे से भी जरूरत के अनुसार बड़े वाहनों को लोहता और परमपुर की ओर डायवर्ट किया जाएगा।
अमरा-अखरी अंडरपास की तरफ से आने वाली बसों को शहर में प्रवेश नहीं दिया जाएगा और उन्हें डाफी की ओर भेजा जाएगा।
ऑटो-ई-रिक्शा के रूट पर भी बड़ा असर
वीवीआईपी मूवमेंट के दौरान पुलिस लाइन से चौकाघाट, तेलियाबाग, मलदहिया और सिगरा तक जरूरत के अनुसार ऑटो और ई-रिक्शा का संचालन रोका जा सकता है। भिखारीपुर से लहरतारा और चांदपुर चौराहे तक भी ऑटो-ई-रिक्शा के आवागमन पर रोक लगाई जा सकती है।
शाम 4 बजे से लकड़ीमंडी, चौकाघाट, लहुराबीर, मैदागिन और विश्वेश्वरगंज क्षेत्र में भी ऑटो-ई-रिक्शा के संचालन पर रोक रहेगी।
मैदागिन-गोदौलिया मार्ग पर भी लगेगी रोक
अति विशिष्ट व्यक्तियों के आगमन और प्रस्थान के समय मैदागिन चौराहे से गोदौलिया चौराहे के बीच सभी प्रकार के वाहनों का आवागमन पूरी तरह बंद किया जाएगा। राजघाट पुल और सूजाबाद की ओर से आने वाले मालवाहक वाहनों का संचालन भी शाम 4 बजे से बंद रहेगा।
विश्वेश्वरगंज तिराहे से मैदागिन की ओर जाने वाले चार पहिया वाहनों को गोलगड्डा की ओर डायवर्ट किया जाएगा।
सिगरा, मंडुवाडीह और रथयात्रा में भी डायवर्जन
अंबेडकर चौराहा, जेपी मेहता तिराहा, सर्किट हाउस, भोजूबीर, यूपी कॉलेज और गिलट बाजार तिराहा क्षेत्र में ऑटो और ई-रिक्शा का आवागमन बंद रहेगा।
सिगरा और रथयात्रा चौराहे से साजन तिराहे की ओर जाने वाले वाहनों को वीवीआईपी मूवमेंट के दौरान आकाशवाणी तिराहे की ओर भेजा जाएगा। वहीं मंडुवाडीह चौराहे से महमूरगंज की ओर आने वाले वाहनों को ककरमत्ता और भिखारीपुर तिराहे की ओर डायवर्ट किया जाएगा।
आकाशवाणी तिराहे से सिगरा की ओर आने वाले वाहनों को रथयात्रा चौराहे की तरफ भेजा जाएगा।
यातायात पुलिस ने लोगों से अपील की है कि 7 अक्टूबर को इन मार्गों पर निकलने से पहले रूट डायवर्जन का ध्यान रखें और संभव हो तो वैकल्पिक रास्तों का इस्तेमाल करें।
यातायात कंट्रोल रूम: 7839856994
यातायात हेल्पलाइन: 7317202020
जारीकर्ता: अपर पुलिस उपायुक्त यातायात, कमिश्नरेट वाराणसी।
