वाराणसी। रेलवे सुरक्षा बल (RPF) के सतर्कता और मानवीय प्रयास से महिला यात्री का गुम हुआ कीमती पर्स सुरक्षित बरामद कर उसे वापस सौंप दिया गया। घटना 3 अक्टूबर 2026 की है।
रेलवे सुरक्षा बल पोस्ट प्रशासन, बरेका/वाराणसी के क्षेत्राधिकार में नियमित गश्त के दौरान उप निरीक्षक लवकुश प्रसाद और कांस्टेबल अजय कुमार विश्वकर्मा ने सुबह करीब 7:20 बजे नाथूपुर पोटा केबिन के सामने सड़क पर एक लेडीज हैंड पर्स लावारिस अवस्था में पड़ा देखा। आरपीएफ कर्मियों ने पर्स को सुरक्षित कब्जे में लेकर उसमें मिले मोबाइल नंबर के जरिए संबंधित महिला से संपर्क किया।
महिला ने बताया कि उसका पर्स उक्त स्थान पर गिर गया था। बरेका/कैंट क्षेत्र में पहुंचने पर महिला की पहचान और पर्स में मौजूद सामान का सत्यापन किया गया। पर्स में 1,390 रुपये नकद, करीब 12 ग्राम सोने की चेन, चांदी की पायल, परिवार के सदस्यों के आधार कार्ड समेत अन्य जरूरी सामान मिला। बरामद सामान की अनुमानित कीमत करीब 1.50 लाख रुपये बताई गई।
सामान का मिलान और पहचान सुनिश्चित होने के बाद सुरक्षा स्टाफ नागेंद्र चौबे की मौजूदगी में नियमानुसार सुपुर्दगी नामा तैयार कर पूरा सामान महिला को सुरक्षित सौंप दिया गया।
कीमती सामान वापस मिलने पर महिला ने आरपीएफ कर्मियों के प्रति आभार जताया। जीवित्पुत्रिका (जिउतिया) व्रत के दिन सामान सुरक्षित मिलने पर महिला ने विशेष प्रसन्नता व्यक्त करते हुए रेलवे सुरक्षा बल के प्रति विश्वास और आस्था भी प्रकट की।
