लखनऊ । आशियाना क्षेत्र में शुक्रवार को एक कार के अंदर युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी है। मृतक की पहचान ज्ञानेंद्र सिंह (36) के रूप में हुई है, जो रायबरेली जिले के बरहा, थाना कोतवाली के रहने वाले थे। वह पिछले कुछ दिनों से आशियाना के बंगला बाजार इलाके में पत्नी प्रियंका और साढ़े तीन वर्ष की बेटी के साथ रह रहे थे।
परिजनों के अनुसार, ज्ञानेंद्र निजी क्षेत्र में लोन फाइनेंस का कार्य करते थे। उनका शव कार के भीतर मिलने की सूचना के बाद पुलिस और फोरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए।पुलिस का कहना है कि मौत के कारणों का पता लगाने के लिए पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। प्रारंभिक जांच में सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर पड़ताल की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
