बलिया । जिले की रसड़ा विधानसभा सीट से बसपा के इकलौते विधायक उमाशंकर सिंह (55) के निधन से उनके पैतृक गांव खनवर समेत पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। शुक्रवार सुबह से ही उनके अंतिम दर्शन और श्रद्धांजलि अर्पित करने के लिए हजारों समर्थकों, शुभचिंतकों और नेताओं का उनके आवास पर तांता लगा रहा।
विधायक के पार्थिव शरीर को अंतिम विदाई देने के लिए निकली शव यात्रा में बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए। महिलाओं की आंखें नम थीं। उनका कहना था कि उमाशंकर सिंह सभी लोगों के साथ समान व्यवहार करते थे और कभी किसी के साथ भेदभाव नहीं करते थे।
उमाशंकर सिंह का अंतिम संस्कार बलिया के ब्यासी गंगा घाट पर किया जाएगा।
सुबह से ही खनवर स्थित आवास पर लोगों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। पूरा इलाका “उमाशंकर सिंह अमर रहें” के नारों से गूंजता रहा। इस दौरान जौनपुर के पूर्व सांसद धनंजय सिंह समेत कई राजनीतिक नेताओं ने उनके आवास पहुंचकर श्रद्धांजलि अर्पित की और शोकाकुल परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की।
गौरतलब है कि बृहस्पतिवार देर रात विधायक का पार्थिव शरीर लखनऊ से उनके पैतृक गांव लाया गया था। उनके पहुंचते ही समर्थकों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी, जिससे कस्बे और प्रमुख चौराहों पर जाम की स्थिति बन गई। “जब तक सूरज-चांद रहेगा, भैया तेरा नाम रहेगा” और “उमाशंकर सिंह अमर रहें” के नारों के बीच लोगों ने नम आंखों से अपने लोकप्रिय नेता को अंतिम श्रद्धांजलि दी।
