
वाराणसी। चितईपुर मार्ग पर जलभराव, कीचड़ और गहरे गड्ढों से परेशान लोगों की शिकायतों के बाद शुक्रवार को वाराणसी के महापौर अशोक कुमार तिवारी ने नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल और अधिकारियों के साथ औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान सड़क की बदहाल स्थिति पर महापौर ने लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाते हुए तत्काल मरम्मत कार्य शुरू करने के निर्देश दिए।
बताया गया कि सड़क की मरम्मत के नाम पर पीडब्ल्यूडी द्वारा कई स्थानों पर गड्ढे खोदे गए, लेकिन समय पर उन्हें नहीं भरा गया। लगातार बारिश के कारण इन गड्ढों में पानी भर गया, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। आए दिन लोग फिसलकर घायल हो रहे हैं। सड़क पीडब्ल्यूडी के अधीन होने के बावजूद जनता का आक्रोश नगर निगम को झेलना पड़ रहा है।
निरीक्षण के दौरान महापौर ने मौके पर मौजूद पीडब्ल्यूडी के अभियंताओं को सभी गड्ढों को तत्काल भरकर सड़क को आवागमन के लिए सुरक्षित बनाने का सख्त निर्देश दिया। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि कार्य में किसी प्रकार की लापरवाही बरती गई तो संबंधित अधिकारियों के खिलाफ शासन स्तर पर शिकायत भेजी जाएगी।
इस दौरान क्षेत्रीय पार्षद मदन मोहन तिवारी, गोपाल जी, सुरेश पटेल, नामित पार्षद कमलेश पाल, पार्षद प्रतिनिधि अतुल पांडेय, विनीत सिंह और अजय बिंद मौजूद रहे। वहीं पीडब्ल्यूडी के अधिशासी अभियंता आशुतोष सिंह, नगर निगम के चीफ इंजीनियर सुरेश चंद्र, जलकल विभाग के अधिशासी अभियंता सौरभ सिंह सहित अन्य अधिकारी और कर्मचारी भी निरीक्षण में शामिल रहे।
महापौर ने कहा कि जनता की सुरक्षा और सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा किसी भी विभाग की लापरवाही के कारण लोगों को परेशानी नहीं होने दी जाएगी।
