किन्नरों के दो गुटों में खूनी संघर्ष, पथराव में सिर पर लगी चोट; कार्रवाई की मांग को लेकर हंगामा

शाहगंज। नगर के उसरा भांदी मोहल्ले में बृहस्पतिवार को बधाई लेने के क्षेत्र के बंटवारे को लेकर किन्नरों के दो गुटों के बीच विवाद हो गया। देखते ही देखते कहासुनी ने हिंसक रूप ले लिया और दोनों पक्षों में मारपीट के साथ पथराव शुरू हो गया। इस घटना में एक किन्नर गंभीर रूप से घायल हो गई।

सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया।

जानकारी के मुताबिक, उसरा भांदी मोहल्ले में किराये के मकान में रहने वाले गुलाबो और बिट्टू गुट के बीच लंबे समय से बधाई लेने के इलाके को लेकर विवाद चल रहा था। बृहस्पतिवार को इसी मुद्दे को लेकर दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। विवाद बढ़ने पर दोनों ओर से मारपीट शुरू हो गई और कुछ ही देर में पथराव होने लगा।

अचानक हुए हंगामे से मोहल्ले में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। आसपास के लोग अपने घरों से बाहर निकल आए और घटना को देखकर सहम गए।

पथराव के दौरान बिट्टू गुट की शीला (30) के सिर में गंभीर चोट लग गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति संभाली और घायल शीला को इलाज के लिए अस्पताल भेजा।

घटना के बाद दोनों पक्ष कोतवाली पहुंचे। इस दौरान एक पक्ष ने पुलिस पर समय रहते कार्रवाई नहीं करने का आरोप लगाते हुए कोतवाली गेट के बाहर नारेबाजी की। कुछ समय तक स्थिति तनावपूर्ण बनी रही। पुलिस अधिकारियों ने दोनों पक्षों को समझाकर शांत कराया और हंगामा समाप्त कराया।

प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि दोनों पक्षों से तहरीर ली जा रही है। मामले की जांच की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए निगरानी बढ़ा दी है।

TOP

You cannot copy content of this page