वाराणसी। सावन माह में बाबा श्री काशी विश्वनाथ के दर्शन के लिए उमड़ रही भारी भीड़ के बीच मंदिर प्रशासन ने श्रद्धालुओं को बड़ी राहत दी है। श्री काशी विश्वनाथ मंदिर न्यास ने सुगम दर्शन टिकट व्यवस्था में अहम बदलाव करते हुए घोषणा की है कि 10, 17 और 24 अगस्त (सावन सोमवार) को छोड़कर अन्य सभी दिनों में सुगम दर्शन टिकट उपलब्ध रहेंगे। मंदिर प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया है कि यदि किसी दिन श्रद्धालुओं की संख्या अचानक अधिक हो जाती है और व्यवस्थाओं पर दबाव बढ़ता है, तो सुगम दर्शन टिकट की सुविधा अस्थायी रूप से बंद की जा सकती है।
सावन के दौरान बाबा विश्वनाथ की मंगला आरती में शामिल होने के लिए श्रद्धालुओं में जबरदस्त उत्साह देखा जा रहा है। मंदिर प्रशासन प्रतिदिन केवल 100 मंगला आरती टिकट जारी करता है। पूरे सावन माह के अधिकांश टिकट पहले ही बुक हो चुके हैं। फिलहाल मंदिर की आधिकारिक वेबसाइट पर 26 और 27 अगस्त के लिए कुछ टिकट उपलब्ध हैं, जिन्हें श्रद्धालु ऑनलाइन बुक कर सकते हैं। प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि टिकट केवल अधिकृत वेबसाइट के माध्यम से ही बुक करें और किसी भी दलाल या अनधिकृत व्यक्ति के झांसे में न आएं।
श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए मंदिर परिसर में जिगजैग बैरिकेडिंग का विस्तार किया गया है। नई व्यवस्था का उद्देश्य अधिक से अधिक श्रद्धालुओं को मंदिर परिसर के भीतर व्यवस्थित तरीके से कतारबद्ध रखना है, ताकि उन्हें धूप, धक्का-मुक्की और अव्यवस्था का सामना न करना पड़े।
मंदिर प्रशासन के अनुसार, सावन माह में अब तक 20 लाख से अधिक श्रद्धालु बाबा विश्वनाथ के दरबार में मत्था टेक चुके हैं। देश के विभिन्न राज्यों के साथ-साथ विदेशों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु काशी पहुंच रहे हैं। प्रशासन का अनुमान है कि आगामी सावन सोमवार और अन्य विशेष तिथियों पर श्रद्धालुओं की संख्या में और बढ़ोतरी होगी।
इधर, रुद्राभिषेक के लिए भी देशभर से बड़ी संख्या में श्रद्धालु काशी पहुंच रहे हैं। विशेष पूजन और अभिषेक के लिए भक्त पहले से ऑनलाइन बुकिंग करा रहे हैं। मंदिर प्रशासन निर्धारित समय के अनुसार रुद्राभिषेक की व्यवस्था कर रहा है। वर्तमान में यह अभिषेक गर्भगृह के बाहर मंदिर परिसर में स्थित शिवलिंगों पर कराया जा रहा है।
मंदिर प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि दर्शन, आरती और पूजन से जुड़ी सभी जानकारी केवल आधिकारिक माध्यमों से ही प्राप्त करें तथा भीड़ और सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें
