हनुमान फाटक में सनसनीखेज वारदात: साड़ी कारीगर की हत्या, दो पर जानलेवा हमला

 वाराणसी। आदमपुर थाना क्षेत्र के हनुमान फाटक इलाके में शनिवार तड़के एक हमलावर ने एक के बाद एक तीन लोगों पर जानलेवा हमला कर सनसनी फैला दी। हमले में साड़ी का पत्ता काटने वाले रवि चौहान उर्फ पप्पू (42) की पत्थर से कुचलकर हत्या कर दी गई। वहीं, पान की दुकान चलाने वाले अशोक पासवान उर्फ बाबाजी (60) गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें बीएचयू ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है। तीसरे घायल गणेशु कनौजिया (55) को प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया।

पुलिस चौकी से चंद कदम की दूरी पर वारदात

घटना हनुमान फाटक पुलिस चौकी से महज करीब 40 मीटर की दूरी पर शनिवार तड़के करीब तीन बजे हुई। पुलिस की प्रारंभिक जांच के अनुसार, हमलावर नेशनल इंटर कॉलेज की ओर से हनुमान फाटक पुलिस चौकी की तरफ आने वाली गली में दाखिल हुआ।

सबसे पहले उसने घर के बाहर सो रहे अशोक पासवान पर ईंट-पत्थर से हमला किया। इसके बाद कुछ दूरी पर स्थित दुकान में सो रहे साड़ी कारीगर रवि चौहान उर्फ पप्पू पर पत्थर से हमला कर दिया, जिससे उनकी मौत हो गई।

भागते समय तीसरे व्यक्ति पर भी किया हमला

हमले के बाद भागते समय आरोपी ने घर के बाहर सो रहे गणेशु कनौजिया पर भी ईंट से वार किया। इसके बाद वह हनुमान फाटक पुलिस चौकी के सामने से भाग निकला।

सुबह घटना की जानकारी मिलने पर आदमपुर पुलिस मौके पर पहुंची। एक साथ तीन लोगों पर हमले और एक व्यक्ति की हत्या की सूचना से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।

सूचना मिलते ही डीसीपी काशी जोन गौरव बंसवाल, एडीसीपी काशी जोन वैभव बांगर, एसीपी कोतवाली विजय प्रताप सिंह और आदमपुर इंस्पेक्टर विमल मिश्रा घटनास्थल पर पहुंचे। अधिकारियों ने मौके का निरीक्षण कर जांच की। साक्ष्य जुटाने के लिए फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया।

TOP

You cannot copy content of this page